img-fluid

बीकानेर स्वीट्स कारखाने में पुरानी मिठाई रिसाइकिल करने का मामला, 20 किलो मिठाई नष्ट

October 28, 2026

  • बीकानेरवाला के किचन और स्टोर में मिली गंदगी, हीरा स्वीट्स से भी लिए सैंपल

जबलपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम गगन बिसेन के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई में लापरवाही सहित कई अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की।


  • बीकानेर के किचन और स्टोर रूम में मिली गंदगी
    जांच टीम ने सबसे पहले साउथ सिविल लाइन स्थित बीकानेर वाला स्वीट्स रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। अधिकारियों को किचन और स्टोर रूम में साफ-सफाई का अभाव मिला। पूछताछ के दौरान संचालक ने बताया कि मिठाइयां और नमकीन दिल्ली से कोल्ड चेन के माध्यम से जबलपुर लाई जाती हैं। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने ब्लेंडेड चीज, खोवा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने एकत्रित किए।
    कारखाने में फफूंद लगे ड्राई फू्रट्स
    इसके बाद टीम बिलहरी स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने पहुंची। यहां जांच के दौरान बड़ी मात्रा में फफूंद लगे बादाम और अंजीर पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, कारखाने में बची हुई और पुरानी मिठाइयों को दोबारा संसाधित कर नई मिठाइयां बनाने की प्रक्रिया भी सामने आई। टीम ने मौके पर लगभग 20 किलोग्राम दूषित मिठाइयां और खराब ड्राई फ्रूट्स नष्ट करवाए। कारखाने में रखे मावा और डोडा बर्फी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा, स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन पर संबंधित विक्रेता को खाद्य सुरक्षा कानून की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

    हीरा स्वीट्स से नमकीन और केसर पेड़ा के सैंपल
    खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलहरी स्थित हीरा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। यहां से नमकीन और केसर पेड़ा के नमूने संग्रहित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने जांच अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।

    Share:

  • KBC में रणबीर कपूर का मजेदार अंदाज, साई पल्लवी के करियर पर ऐसा जवाब सुन हंस पड़े बिग बी

    Wed Oct 28 , 2026
    नई दिल्ली। बॉलीवुड (Bollywood)की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण (highly anticipated film Ramayana)को लेकर इन दिनों लगातार चर्चा हो रही है। फिल्म की स्टार कास्ट रणबीर कपूर साई पल्लवी (Ranbir Kapoor Sai Pallavi)और रवि दुबे इसके प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में तीनों कलाकार अमिताभ बच्चन(Amitabh Bachchan) के लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति में […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved