img-fluid

ट्रेनों में वेटिंग, बसों में मची खुली लूट

October 28, 2026

  • सीट चयन के नाम पर भी अतिरिक्त वसूली, त्योहार पर परदेसियों से निजी बस ट्रैवल्स वसूल रहे मनमर्जी दाम

जबलपुर। दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले मुसाफिरों की जेब पर निजी बस संचालकों ने भारी डाका डालना शुरू कर दिया है। ट्रेनों में महीनों पहले से लंबी वेटिंग लिस्ट और हवाई जहाजों के आसमान छूते टिकटों के चलते लाचार यात्रियों को अब बसों में भी मनमाना किराया चुकाना पड़ रहा है। जबलपुर से नागपुर, पुणे, हैदराबाद, मुंबई और इंदौर जाने वाली एसी स्लीपर बसों के ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर एक ही तारीख यानी 30 अक्टूबर के लिए चौंकाने वाले आंकड़े दर्ज हुए हैं। ऑल इंडिया परमिट वाली इन बसों की ऑनलाइन मनमानी वसूली पर नियंत्रण के लिए शासन स्तर पर चर्चा और कड़े प्रयास जारी हैं,लेकिन अभी तक किया नहीं जा सका है।


  • नागपुर मार्ग पर किराए में भारी अंतर
    जबलपुर से नागपुर रूट पर नंदन ट्रैवल्स का एसी स्लीपर किराया 535 रुपये तय है। कनकेर रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड इसी सफर के 1080 रुपये ले रही है। भैया ट्रैवल्स ने दर 3000 रुपये रखी है। जीके ट्रैवल्स एसी बस का टिकट 3599 रुपये में बेच रहा है। आजाद बस की दर सीधे 5000 रुपये पहुंच गई है। संजय ट्रैवल्स 5900 रुपये मांग रहा है। घोसी ब्रदर्स ट्रैवल्स और सिमरन एक्सप्रेस दोनों 6000 रुपये वसूल रहे हैं। डॉल्फिन ट्रैवल हाउस ने टिकट 7000 रुपये कर दिया है। आदर्श एक्सप्रेस सबसे महंगा 7500 रुपये किराया मांग रही है। न्यूनतम 535 रुपये और अधिकतम 7500 रुपये के बीच 6965 रुपये का सीधा अंतर बना है।

    नियम, जिनकी उड़ रही धज्जियां
    अगस्त 2026 में शासन ने सामान्य स्टेज कैरिज बसों के लिए अधिकतम आधार किराया 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर और न्यूनतम भाड़ा 10 रुपये निर्धारित किया था। सामान्य किराए से अधिकतम 10 प्रतिशत रात्रि सेवा, 25 प्रतिशत डीलक्स नान-एसी, 40 प्रतिशत स्लीपर, 50 प्रतिशत डीलक्स एसी और 75 प्रतिशत सुपर लग्जरी एसी कोच की दर तय है। इन सब नियमों को दरकिनार कर संचालक डायनेमिक प्राइसिंग के नाम पर यात्रियों को लूट रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग में सिंगल साइड, आगे या सामने की सीट चुनने पर अलग से अतिरिक्त राशि जोड़कर कुल खर्च और बढ़ा दिया जाता है।

    पुणे और हैदराबाद सफर में मची खुली लूट
    पुणे के लिए संजय ट्रैवल्स की सामान्य दर 1000 रुपये है। सैनी ट्रैवल्स 1300 रुपये में सीट दे रहा है। जोशी ट्रैवल्स ने इसी सीट का मूल्य बढ़ाकर 5850 रुपये कर दिया है। इस मार्ग पर न्यूनतम और अधिकतम भाड़े में 4850 रुपये का फासला है। हैदराबाद रूट पर भी यही हाल दिख रहा है। सैनी ट्रैवल्स शुरुआती दर 1000 रुपये ले रहा है। भैया ट्रैवल्स 1600 रुपये वसूल रहा है। आदर्श एक्सप्रेस ने हैदराबाद का टिकट 7500 रुपये कर दिया है। सबसे कम और सबसे अधिक किराए का यह अंतर 6500 रुपये तक जा पहुंचा है।

    मुंबई तथा इंदौर रूट पर भी अंधाधुंध वसूली
    मुंबई के सफर में विजयंता ट्रैवल्स 1994 रुपये ले रहा है। श्री सांवरिया बस सर्विस ने दर 3999 रुपये कर दी है। संजय ट्रैवल्स मुंबई के लिए 5900 रुपये की मांग कर रहा है। दोनों दरों में 3906 रुपये का अंतर दर्ज हुआ है। इंदौर मार्ग पर न्यू लोकसेवा ट्रैवल्स 900 रुपये ले रहा है। राजरतन टूर एंड ट्रैवल्स का टिकट 1060 रुपये है। रुद्रदेव एक्सप्रेस ने किराया 4000 रुपये तय किया है। स्वाति बस सर्विस इंदौर का टिकट 5000 रुपये में दे रही है। इस रूट पर न्यूनतम और अधिकतम दर में 4100 रुपये का फासला साफ दिखाई देता है।

    Share:

  • कूनो से लाए गए चीते की मौत, शरीर से निकाले गए पांच बंदूक के छर्रे

    Wed Oct 28 , 2026
    रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण पिछले पैरों ने काम करना कर दिया था बंद, जबलपुर वेटरनरी कॉलेज में सर्जरी के बाद भी नहीं बच सकी जान जबलपुर। कूनो नेशनल पार्क से लाए गए एक चीते की जबलपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। चीते के शरीर में कई जगह बंदूक के छर्रे […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved