img-fluid

अधारताल में 4 चोरियों का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

October 28, 2026

  • सात लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में चार अलग-अलग मकानों में ताला तोड़कर हुई नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने जून से अक्टूबर 2026 के बीच हुई चार वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी की कुछ अन्य सामग्री और नकदी खर्च कर देना भी उन्होंने बताया है।


  • पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप घसिया (25) और चिंटू उर्फ अनूप कुमार (30), दोनों निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल के रूप में हुई है। अनूप कुमार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई पावर हाउस क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज में मिले हुलिये के आधार पर संदिग्धों की तलाश करते हुए महाराजपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उन्होंने अधारताल क्षेत्र के चार मकानों में ताले तोड़कर जेवर और नकदी चोरी करना स्वीकार किया।

    1500 ग्राम चांदी सहित जेवर जब्त
    पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की दो अंगूठियां, एक नथ, एक बेंदी सहित करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा लगभग 1500 ग्राम चांदी की सामग्री में करधन, छह चूडिय़ां, छह जोड़ी पायल, आठ सिक्के, लॉकेट, तीन छत्र, मूर्ति, बच्चों की बेड़ी, नौ बिछिया और पांच बेलपत्र शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है।

    कहीं परिवार अस्पताल गया, तो कहीं घर में लगा था ताला

    • पहली वारदात: रविंद्र नगर, जेडीए पंप हाउस के सामने रहने वाले अंकुर तिवारी के घर हुई। जून में हुई इस घटना में चोर सोने के कड़े, अंगूठियां, हार, टॉप्स, चांदी के जेवर, घडिय़ां, नकदी और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए थे।
    • दूसरी घटना: टाटा चौराहा, रिछाई निवासी उमा यादव के घर हुई। यहां अलमारी का ताला तोड़कर सोने की नथ, चांदी की पायल, चूडिय़ां, चेन और बच्चों के पैरों में पहनने वाले आभूषण चोरी किए गए।
    • तीसरी वारदात: महाकौशल नगर में सरस्वती स्कूल के पीछे रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवबहादुर सिंह के मकान में हुई। परिवार उपचार के सिलसिले में बेंगलुरु गया था। वापस लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, विदेशी मुद्राएं, पुराने मोबाइल तथा तांबे-पीतल के बर्तन गायब मिले।
    • चौथी घटना: पुष्पक नगर स्थित बाबा की बगिया निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के घर हुई। परिवार दुर्गा दर्शन के लिए गया था। इसी दौरान घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर सोने की नथ, बेंदी, चांदी के सिक्के और पायल चोरी कर ली गई।

    Share:

  • सिहोरा-खितौला रेलवे फाटक बना 'डेथ ट्रैप'

    Wed Oct 28 , 2026
    तीन विभागों की खींचतान में फंसी सड़क, गड्ढों और नुकीले पत्थरों के बीच रोजाना जान जोखिम में डाल रहे राहगीर सिहोरा। सिहोरा और खितौला को जोडऩे वाले मुख्य रेलवे फाटक के दोनों ओर पसरी बदहाली अब आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सड़क पर उभरे गहरे, जानलेवा गड्ढे और नुकीले पत्थर यहाँ […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved