नीमच। आमतौर पर चित्रकार अपनी कल्पनाओं (Painter Own Fantasies) को रंगों और ब्रश की मदद से कैनवास पर उतारते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के नीमच जिले के एक युवा कलाकार ने अपनी रचनात्मकता से कला को नया आयाम दिया है। जिले के कुचरोद (Kuchrod) गांव निवासी राहुल कुमार लोहार ने चाय को रंग बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अनूठी पेंटिंग तैयार की है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।
राहुल की इस विशेष कलाकृति में प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व के साथ-साथ उनके नेतृत्व में देश की प्रमुख उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है। पेंटिंग में चंद्रयान मिशन, जी-20 शिखर सम्मेलन, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत सहित मोदी सरकार के 12 वर्षों के दौरान चर्चित योजनाओं और उपलब्धियों को कलात्मक रूप से उकेरा गया है।
राहुल बताते हैं कि उनका उद्देश्य केवल एक चित्र बनाना नहीं था, बल्कि कुछ ऐसा रचनात्मक करना था जो लोगों का ध्यान आकर्षित करे और एक संदेश भी दे। इसी सोच के साथ उन्होंने पारंपरिक रंगों के बजाय चाय को माध्यम के रूप में चुना।
कलाकार के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष, परिश्रम और समर्पण की मिसाल है। एक साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया है। राहुल का कहना है कि चाय से पेंटिंग बनाने का विचार भी इसी प्रेरणा से जुड़ा है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के शुरुआती जीवन में चाय से जुड़ी कहानियां अक्सर चर्चा में रही हैं। उन्होंने इस माध्यम के जरिए प्रधानमंत्री को अपनी ओर से सम्मान देने का प्रयास किया है।
सीमित संसाधनों के बीच कला साधना करने वाले राहुल कुमार लोहार लंबे समय से अपनी रचनात्मक प्रतिभा के लिए पहचाने जाते हैं। उनकी इस अनोखी पहल को स्थानीय स्तर पर काफी सराहना मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी कला और नवाचार की प्रशंसा कर रहे हैं।
राहुल का मानना है कि व्यक्ति को अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
स्थानीय कला प्रेमियों का कहना है कि राहुल की यह पहल युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने साबित किया है कि नई सोच और समर्पण के साथ साधारण संसाधनों को भी असाधारण अभिव्यक्ति का माध्यम बनाया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved