इंदौर न्यूज़ (Indore News)

आपसी सम्पर्क से 50 फीसदी बने कोरोना मरीज


साढ़े 500 से ज्यादा ड्यूटी करते हुए संक्रमित… सर्वाधिक 366 स्वास्थ्यकर्मी व डॉक्टर
इंदौर। कोरोना मरीजों की कुल संख्या 6985 हो गई है, जो आज रात जारी बुलेटिन में 7 हजार का आंकड़ा पार कर लेगी। बीते 24 घंटे में 140 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं अभी तक जो मरीज सामने आए हैं उनमें लगभग 50 फीसदी ऐसे हैं, जो आपसी सम्पर्क से पॉजिटिव हुए। यानी 1 मरीज ने अपने सम्पर्क में आए दूसरे को संक्रमित कर दिया। साढ़े 500 से ज्यादा पॉजिटिव ड्यूटी निभाते हुए संक्रमित हो गए, जिनमें सर्वाधिक 366 स्वास्थ्यकर्मी, डॉक्टर शामिल हैं।
बीते 10 दिनों से 100 से अधिक मरीज मिल रहे हैं और अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़कर अब 1982 हो चुकी है। हालांकि कुल पॉजिटिव मरीजों में से 4688 स्वस्थ भी हो गए और मरने वालों की संख्या 304 बताई गई है। इंदौर में 50 फीसदी कोरोना मरीज एक-दूसरे से सम्पर्क के चलते हुए। उनमें भी पारिवारिक संक्रमण ज्यादा रहा और कई परिवार ऐसे हैं, जिनके सभी सदस्य आपस में रहने के चलते संक्रमित हो गए। एक ही परिवार के 4-5 से लेकर एक-दर्जन और उससे अधिक सदस्य बीते दिनों में सामने आए हैं। वहीं ड्यूटी करते हुए साढ़े 500 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव बन गए, जिनमें सबसे बड़ी संख्या स्वास्थ्य से जुड़े लोगों की है। इनमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता 183, नर्स 68, अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारी 61 और डॉक्टरों की संख्या 54 तक पहुंच चुकी है। इनमें से कुछ डॉक्टरों की मौत तक हो गई। बीते हफ्ते ही तुकोगंज थाना प्रभारी के बाद कल और चार जवान संक्रमित मिले हैं। इस तरह पुलिसकर्मियों की संख्या अब 60 तक पहुंच गई है। निगम के 49 कर्मचारी भी संक्रमित हुए। संक्रमित क्षेत्रों में काम करने वाले 28 कार्यकर्ता और लगभग दो दर्जन से ज्यादा ऐसे कर्मी हैं जो ड्राइवर, मैकेनिक या अन्य सेवाओं से जुड़े हैं और वे भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। कैंसर हॉस्पिटल के डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए, उसके बाद पूरे स्टाफ का भी टेस्ट करवाया गया है। कल रात जारी किए गए मेडिकल बुलेटिन में 1301 नेगेटिव और 127 पॉजिटिव बताए गए। हालांकि क्षेत्रवार जो पॉजिटिव मरीज मिले हैं उनमें 140 की संख्या बताई गई है, जो नए-पुराने 76 इलाकों से पाए गए हैं। अभी तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 6985 तक पहुंच गई है, जो आज 7 हजार का आंकड़ा पार कर लेगी। अब हजार से 1500 से बीच सैम्पल लिए जा रहे हैं। कल रविवार को भी 1179 सैम्पल लिए गए, जो मेडिकल कॉलेज को जांच के लिए सौंपे गए हैं।

Share:

Next Post

तुकोगंज थाने सहित 76 इलाकों में मिले 140 नए पॉजिटिव

Mon Jul 27 , 2020
16 नए इलाकों में 21 मरीजों की आमद इंदौर। प्रशासन द्वारा देर रात जारी की गई सूची में तुकोगंज थाने सहित 76 इलाकों में 140 पॉजिटिव मरीजों की जानकारी दी गई। वहीं 16 नए इलाकों में 21 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की आमद हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराने के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग […]