
जबलपुर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से पनप रहे अवैध कॉलोनी कारोबार पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया में अवैध रूप से कॉलोनी निर्माण किए जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई कलेक्ट्रेट द्वारा कराई गई जांच और तहसीलदार की शिकायत के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार प्रशासन को लंबे समय से ग्राम पड़रिया क्षेत्र में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की, जिसमें नियमों के विरुद्ध भूमि का विकास और प्लॉटिंग किए जाने की पुष्टि हुई।
अवैध कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऐसे और मामलों में भी प्रशासन बड़ी कार्रवाई कर सकता है।
प्रशासन का संदेश, नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय
अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति कॉलोनी निर्माण, प्लॉटिंग या भूमि विकास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रंजीत चौधरी पर दर्ज हुआ मामला
नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव ने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर रांझी निवासी रंजीत चौधरी के खिलाफ अवैध कॉलोनी निर्माण के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी पर बिना वैधानिक अनुमति और नियमों का पालन किए कॉलोनी विकसित करने का आरोप है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved