इंदौर न्यूज़ (Indore News)

जून में दिग्गी पुत्र जयवर्धन का हर विधानसभा में दौरा

कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करेंगे, कमलनाथ सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ नारी सम्मान योजना के फार्म भी भरवाएंगे

इन्दौर। इंदौर-उज्जैन जिले के प्रभारी बनाए गए जयवर्धनसिंह जून में हर विधानसभा में एक दिन देंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करेंगे और उस विधानसभा में नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाने के साथ-साथ कमलनाथ की 15 माह की सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे।


प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने हर विधानसभा में प्रमुख नेताओं को प्रभारी के रूप में जवाबदारी सौंपी है, जिन्हें उस विधानसभा में कांग्रेस की स्थिति की रिपोर्ट बनाकर देना है और कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों से चर्चा भी करना है। इसी को लेकर पूर्व मंत्री जयवर्धनसिंह कल इंदौर आए थे। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा प्रभारी से चर्चा की और दिग्विजयसिंह तथा उनके दौरे के बारे में जानकारी दी। दिग्विजयसिंह का दौरा इसी माह होना है, जबकि अगले महीने जयवर्धन एक-एक विधानसभा का दौरा करेंगे। कल जयवर्धन पिंटू जोशी, सुरजीतसिंह चड्ढा, जीतू पटवारी, सत्यनारायण पटेल, विशाल पटेल, अश्विन जोशी के घर पहुंचे और उन्हें अगले महीने होने वाले दौरे के बारे में बताया। उनके साथ जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव, सुवेग राठी और रघु परमार भी थे। जयवर्धन ने बताया कि अगले महीने वे 9 दिन 9 विधानसभाओं में रहेंगे और पदाधिकारियों, उस क्षेत्र के सामाजिक वरिष्ठजनों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से भी चर्चा करेंगे। एक दिन में 12 से 14 घंटे एक विधानसभा का दौरा रहेगा और रात्रि विश्राम भी उसी विधानसभा में होगा। चुनाव के पहले पार्टी को कैसे मजबूत करें और कार्यकर्ताओं की क्या समस्या है, उसकी जानकारी भी लेंगे। इस दौरान नारी सम्मान योजना को कैसे पूरे प्रदेश में सफलतापूर्वक लागू किया जाए, इसकी जानकारी भी देंगे।

कांग्रेस की बैठक में दिग्गी नहीं होंगे मंच पर, नीचे बैठकर पदाधिकारियों की सुनेंगे

पूरे प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर यात्रा पर निकले पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह 22 मई को इंदौर में दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बूथ, मंडलम और सेक्टर की बैठक में भाग लेंगे, लेकिन मंच पर नहीं बैठेंगे, बल्कि नीचे बैठकर कार्यकर्ताओं की सुनेंगे।

दिग्गी का दौर तय फार्मेट के अनुसार रहता है और वे उसके अनुसार ही हर जिले की विधानसभा में जाकर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे हैं, ताकि चुनाव के पहले कांग्रेस को मजबूत किया जा सके और उनकी बात सुनी जा सके। दिग्गी 22 मई को इंदौर आ रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसमें पहले सत्र में सेक्टर, मंडल और बीएलए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक होगी, जिसमें संगठन को लेकर चर्चा की जाएगी। दिग्गी उनकी बात सुनेंगे और पूछेंगे कि पार्टी की मजबूती के लिए और क्या किया जाए? दूसरे सत्र में सभी कांग्रेस कार्यकर्ता्र नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत के चुने गए सदस्य, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आईटी सेल, भारछासं, इंटक सहित सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी सहित पुराने वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे। इस बैठक में दिग्विजयसिंह मंच पर नहीं बैठेंगे। वे कार्यकर्ताओं के साथ मंच के नीचे  ही बैठेंगे और मंच पर उस क्षेत्र की वरिष्ठ महिला नेत्रियों और पदाधिकारियों को स्थान दिया जाएगा। वे कार्यकर्ताओं से पूछेंगे कि आपके क्षेत्र में जितने के लिए कांग्रेस और क्या-क्या कर सकते हंै?

Share:

Next Post

Karnataka Election Result: पूरी ताकत झोंकने के बाद भी कर्नाटक में क्यों हारी भाजपा? ये है पांच बड़े कारण

Sat May 13 , 2023
नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव के नतीजे काफी हद तक साफ हो चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक में भी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पिछले एक साल के अंदर ये दूसरा राज्य है, जिसकी सत्ता भाजपा के हाथ से कांग्रेस ने छीन ली। इसका बड़ा सियाासी मतलब निकाला जा रहा है। खासतौर पर […]