इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

इंडिगो पर ग्रहण, अब बिगड़ा विमान, पौने छह घंटे लटके यात्री

  • दिल्ली से इंजीनियर्स और पाट्र्स बुलवाए, सुबह से शाम तक परेशान होते रहे यात्री

इंदौर। देश की प्रमुख निजी एयरलाइंस इंडिगो ने इंदौर से कई नई उड़ानें तो शुरू कर दी हैं, लेकिन कंपनी की सेवाओं में लगातार खामियां सामने आ रही हैं। गुरुवार को एक बार फिर कंपनी का विमान मुंबई से इंदौर आने के बाद बिगड़ गया। काफी मशक्कत के बाद भी जब ये नहीं सुधरा तो दिल्ली से एक्सपर्ट इंजीनियर्स और पाट्र्स बुलवाए गए। इसके बाद सुधार होने पर यह विमान तय समय से पौने छह घंटे देरी से रवाना हुआ। इसके कारण यात्री सुबह से शाम तक परेशान होते रहे। कंपनी पिछले दिनों कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त कर चुकी है। इसे देखते हुए अब यात्री इंडिगो में बुकिंग करवाने से बचने लगे हैं।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-957) सुबह 11.25 बजे मुंबई से इंदौर आकर 11.55 बजे वापस मुंबई जाती है। गुरुवार को यह फ्लाइट तय समय पर इंदौर आई, लेकिन उतरने के तुरंत बाद पायलट को इसके इंजन में कुछ तकनीकी खराबी की आशंका हुई। उसने तुरंत इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरलाइंस के ग्राउंड स्टाफ को दी। इसके बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों को इसमें बैठने से रोक दिया गया। एयरपोर्ट पर मौजूद इंजीनियर्स ने तुरंत विमान की जांच कर सुधार शुरू किया, लेकिन काफी देर बाद भी विमान सुधर नहीं पाया।


दिल्ली से बुलाए इंजीनियर्स और पाट्र्स
कंपनी अधिकारियों ने विमान का सुधार स्थानीय स्तर पर न होने पर दिल्ली से 3.15 बजे आने वाली फ्लाइट से इंजीनियर्स की टीम और पाट्र्स बुलवाए। इंजीनियर्स ने आकर विमान का सुधार शुरू किया। कुछ पाट्र्स को बदला भी गया।
परेशान यात्री भिड़े…

इंजीनियर्स की टीम ने पांच घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद विमान का सुधार किया। इसके बाद यह विमान तय समय से करीब पौने छह घंटे देरी से शाम 5.35 बजे इंदौर से रवाना हो सका। इस दौरान यात्री एयरपोर्ट पर ही परेशान होते रहे। यात्रियों ने कई बार फ्लाइट की जानकारी मांगी, लेकिन स्पष्ट जानकारी न मिल पाने से यात्रियों की स्टाफ से तीखी बहस भी हुई। कुछ यात्रियों की आगे कनेक्टिंग फ्लाइट थी, जिन्हें दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया गया।

इंडिगो के विमानों में खराबी और निरस्ती से परेशान हुए यात्री
इंडिगो के विमान पिछले कई दिनों से लगातार बिगडऩे या कंपनी द्वारा उड़ानों को निरस्त करने की शिकायतें आ रही हंै। इसके चलते अब यात्री इंडिगो की उड़ानों में बुकिंग करने से संकोच कर रहे हैं। ट्रेवल एजेंट्स ने भी इस बात की पुष्टि की है कि यात्री इंडिगो के अलावा अन्य एयरलाइंस का विकल्प पूछ रहे हैं।

Share:

Next Post

बिहार समेत 4 राज्‍यों में वायरल फीवर और डेंगू का कहर, अब तक 100 की मौत

Fri Sep 17 , 2021
पटना. इन दिनों देश के कई राज्‍यों में वायरल फीवर और डेंगू का कहर बरप रहा है. सैंकड़ों की संख्‍या में लोग अस्‍पताल में भर्ती हैं, जबकि अभी तक की रिपोर्ट के अनुसार बिहार के साथ ही मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश और हरियाणा में इन दोनों बीमारियों के कारण तकरीबन 100 लोगों की मौत हो […]