
नई दिल्ली । एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) ने दुनिया का सबसे बड़ा IPO लॉन्च कर इतिहास रच दिया है। इस आईपीओ (IPO) के चलते मस्क की दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (Trillionaire) बनने से केवल 29 अरब डॉलर दूर हैं। उनकी संपत्ति में रातोंरात 274 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। यह रकम अडानी अंबानी की जीवन भर की कमाई से काफी अधिक है। बता दें दुनिया के करीब 20 देशों की जीडीपी ही 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है।
कंपनी ने अपने IPO के जरिए 75 अरब डॉलर जुटाए हैं, जो 2019 में सऊदी अरामको के 29.4 अरब डॉलर के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देता है। स्पेसएक्स ने 55.56 करोड़ शेयर 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर जारी किए हैं। अगर अतिरिक्त शेयर भी पूरी तरह बिक जाते हैं, तो यह IPO 86 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।
1.77 ट्रिलियन डॉलर पहुंचा स्पेसएक्स का वैल्यूएशन
IPO प्राइस के आधार पर SpaceX का मार्केट कैप 1.77 ट्रिलियन डॉलर आंका गया है, जबकि स्टॉक ऑप्शन और अन्य हिस्सेदारी को जोड़ने पर इसका पूर्ण मूल्यांकन करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर बैठता है।
इस वैल्यूएशन के साथ SpaceX दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक कंपनियों में शामिल हो गई है और इसका साइज एलन मस्क की दूसरी कंपनी Tesla से भी बड़ा हो गया है।
एलन मस्क की संपत्ति 971 अरब डॉलर
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, IPO के बाद एलन मस्क की नेटवर्थ में लगभग 274 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। उनकी कुल संपत्ति बढ़कर करीब 971 अरब डॉलर हो गई। इस तरह मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने से सिर्फ कुछ कदम दूर रह गए हैं।
IPO को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स
रिपोर्ट के मुताबिक IPO में उपलब्ध शेयरों की तुलना में चार गुना ज्यादा मांग आई। रिटेल इन्वेस्टर्स ने 100 अरब डॉलर से अधिक के ऑर्डर दिए, जबकि उनके लिए केवल 20% शेयर आरक्षित थे। विश्लेषकों का मानना है कि मस्क की लोकप्रियता और AI सेक्टर को लेकर निवेशकों का उत्साह इस जबरदस्त मांग की बड़ी वजह है।
AI और स्पेस का नया दांव
SpaceX अब केवल रॉकेट लॉन्च और सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी नहीं रह गई है। कंपनी खुद को एक AI इंफ्रास्ट्रक्चर दिग्गज के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।कंपनी का दावा है कि भविष्य में वह अंतरिक्ष में डेटा सेंटर और चंद्रमा पर रोबोटिक फैक्ट्रियां स्थापित कर सकती है। SpaceX के AI डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े बड़े सौदे उसकी आय का प्रमुख स्रोत बनने की उम्मीद है।
AI IPO की नई लहर
SpaceX के बाद अब AI सेक्टर की अन्य बड़ी कंपनियां भी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं। Anthropic और OpenAI के भी इस साल IPO लाने की चर्चा है, जिनका संभावित वैल्यूएशन 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved