img-fluid

दृश्यम स्टाइल में पिता का कत्ल, पत्नी को किए एक कॉल से खुला राज

October 03, 2026

समस्तीपुर: बॉलीवुड फिल्म दृश्यम की तर्ज पर पुलिस को गुमराह करने और सबूत मिटाने की एक सनसनीखेज साजिश का बिहार के समस्तीपुर में भंडाफोड़ हुआ है. सूरत में काम करने वाले एक कलयुगी बेटे ने जमीन विवाद के चलते 2000 किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंचकर अपने किसान पिता की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपना मोबाइल सूरत में ही बंद कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन गुजरात ही दिखे, लेकिन वारदात से ठीक पहले पत्नी को की गई एक कॉल ने उसकी पूरी चाल का पर्दाफाश कर दिया.

मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के दरबा गांव का है. 27 जुलाई 2026 की रात किसान रघुवीर सहनी अपने घर के बाहर सो रहे थे. तभी अज्ञात हमलावर ने उन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. शुरुआत में मामला अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज कर जांच शुरू की गई. समस्तीपुर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पटोरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.

जब शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने घटनास्थल का डंप डेटा खंगाला. इसमें मृतक के बेटे शिवशंकर सहनी का मोबाइल नंबर सामने आया. हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि शिवशंकर सूरत में रहकर काम करता है.


  • मोबाइल बंद करने की चाल: आरोपी शिवशंकर ने सूरत में ही अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया था ताकि पुलिस सर्विलांस में उसकी आखिरी लोकेशन गुजरात में ही दिखे और उस पर कोई शक न करे.

    एक कॉल से खुला राज: मोबाइल बंद करने से ठीक पहले शिवशंकर ने अपनी पत्नी से बात की थी. इस कॉल के टावर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस के सामने उसकी मौजूदगी पर सवाल खड़े कर दिए. इसके अलावा हत्या के बाद भी वह इंटरनेट कॉलिंग और स्थानीय लोगों के जरिए गांव की हलचल पर नजर बनाए हुए था.

    पुलिस की टीम ने जब सूरत पहुंचकर आरोपी शिवशंकर को गिरफ्तार किया, तो उसने पूछताछ में पूरी खौफनाक साजिश का खुलासा किया. पटोरी स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह रात के अंधेरे में कई किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचा ताकि रास्ते में कोई उसे पहचान न सके. वो घर के पीछे के दरवाजे से दाखिल हुआ, वहां रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता पर कई वार कर दिए. हत्या के बाद कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर वह उसी रास्ते से पटोरी स्टेशन पहुंचा और ट्रेन से पटना होते हुए वापस सूरत फरार हो गया.

    पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शिवशंकर गांव की कुछ जमीन बेचना चाहता था, जबकि उसके पिता इसके सख्त खिलाफ थे. इसी विवाद को लेकर परिवार में अनबन चल रही थी, जिसके बाद बेटे ने पिता को रास्ते से हटाने के लिए ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मी स्क्रिप्ट तैयार की. पुलिस ने आरोपी शिवशंकर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved