
पटना। बिहार (Bihar) में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा (Chhath Puja) बड़े धूमधाम से मनाया जाता है. ऐसे में इस महापर्व को लेकर बिहार सरकार (Bihar Government) का आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. विभाग ने राज्य के सभी जिलों को छठ घाटों पर पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही निजी नावों के परिचालन पर पूरी तरह बैन रहेगा।
आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो अपने-अपने जिलों में खतरनाक छठ घाटों की पहचान कर वहां मजबूती से बैरिकेडिंग कराएं. इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए।
नदी घाटों पर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों, मोटरबोट और जीवन रक्षक उपकरणों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है. आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीमों, एंबुलेंस और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीमों (QMRTs) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सरकार ने घाटों और वहां तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के आदेश दिए गए हैं. इसके अलावा, जिला कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव रहेंगे और लाउडस्पीकर के जरिए लगातार सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी. करंट से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सभी बिजली के उपकरणों और तारों की पहले से ही जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
भागदौड़ और अफवाहों को रोकने के लिए जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन और संचार योजना तैयार करने, छठ पूजा समितियों के साथ बैठकें करने और पूरे त्योहार के दौरान कड़ी निगरानी बनाए रखने को कहा गया है।
13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय महापर्व
दीपावली के छह दिन बाद कार्तिक महीने के छठे दिन मनाया जाने वाला यह पर्व सूर्य देव और छठी मइया को समर्पित है. इसमें श्रद्धालु अपने परिवार की समृद्धि, निरोगी जीवन और खुशहाली का आशीर्वाद मांगने के लिए पूरी निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना करते हैं. चार दिनों तक चलने वाला महापर्व छठ इस बार 13 नवंबर को ‘नहाए-खाय’ के नियम-निष्ठा वाले अनुष्ठान के साथ शुरू होगा और 16 नवंबर को खत्म होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved