
उज्जैन। शासकीय अस्पताल में इलाज के दौरान किसी मरीज की मृत्यु होने पर अब परिजनों को शव घर या श्मशान घाट तक ले जाने के लिए वाहन का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। राज्य शासन ने मृतकों के नि:शुल्क परिवहन के लिए शव वाहन सेवा शुरू की है। उज्जैन जिले को इसके लिए चार शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
चारों वाहन जिला चिकित्सालय उज्जैन के चरक भवन में 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। शासकीय स्वास्थ्य संस्था में उपचार के दौरान मृत्यु होने पर शव को मृतक के निवास स्थल या श्मशान घाट तक नि:शुल्क पहुँचाया जाएगा। इस सेवा का लाभ केवल शासकीय अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामलों में मिलेगा। यानी निजी अस्पताल में मृत्यु होने, घर पर मृत्यु होने या किसी अन्य स्थान पर मृत्यु होने की स्थिति में शव वाहन की सुविधा नहीं दी जाएगी। शव वाहन का संचालन केवल उज्जैन जिले की सीमा के अंदर किया जाएगा। अस्पताल से मृतक के घर या श्मशान घाट तक शव पहुँचाने की व्यवस्था रहेगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से परेशान परिजनों को राहत देने के साथ मृतक को सम्मानपूर्वक अंतिम गंतव्य तक पहुँचाना है। शव वाहन सेवा के लिए परिजन 6269907250 और 6269906944 पर संपर्क कर सकते हैं। सेवा चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved