बड़ी खबर व्‍यापार

दुनिया के तीसरे सबसे धनी व्‍यक्ति बने गौतम अडानी, बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली । गौतम अडानी (gautam adani) भारत के ही नहीं बल्कि एशिया के सबसे धनी व्यक्ति (rich men) हैं। अब वह कामयाबी की नई इबारत लिखते हुए दुनिया (World) के तीसरे धनी व्यक्ति (third rich man) हो गए हैं। उनकी संपत्ति 137 अरब डॉलर हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक इस साल अब तक उनकी संपत्ति (Property) में 60.9 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। उन्होंने लुई वुइटन (Louis Vuitton) के प्रमुख बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया है।

विश्व के धनपतियों की सूची में यह स्थान पाने वाले अडाणी पहले भारतीय व पहले एशियाई हैं। ब्लूमबर्ग इंडेक्स के अनुसार अब अडाणी के आगे अमेरिका के शीर्ष उद्योगपति व टेस्ला के सीईओ एलन मस्क व अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस हैं। अडाणी अब तक भारत के साथ एशिया के भी सबसे बड़े रईस थे। अब उन्होंने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े रईस का खिताब हासिल कर लिया है।

ब्लूमबर्ग के अरबपति सूचकांक के अनुसार 60 साल के गौतम अडाणी की नेटवर्थ (कुल संपत्ति) 137.4 अरब डॉलर है। टेस्ला के प्रमुख व दुनिया के सबसे धनी एलन मस्क की नेटवर्थ 251 अरब डॉलर है, जबकि, अमेजन के संस्थापक व सीईओ जेफ बेजोस की 153 अरब डॉलर है।

बर्नार्ड अर्नाल्ट एलवीएमएच मोएट हेनेसी लुई वुइटन, जिसे आमतौर पर LVMH के रूप में जाना जाता है, के सह संस्थापक हैं। एलवीएमएच लक्जरी फैशन की दुनिया का विश्व का अग्रणी नाम है। अडाणी धनपतियों की दौड़ में देश के मुकेश अंबानी से आगे निकल गए हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार अंबानी व चीन के जैक मा एशिया के दो अन्य बड़े रईस हैं, लेकिन वे अडानी की तरह यह मुकाम हासिल नहीं कर सके हैं।


मोदी सरकार के आने से पहले केवल 5.10 अरब डॉलर थी संपत्ति
ब्लूमबर्ग के मुताबिक 30 मार्च 2014 को गौतम अडानी के पास केवल 5.10 अरब डॉलर की संपत्ति थी। 16 जनवरी 2020 को 11 अरब डॉलर पर पहुंचने वाले अडानी की संपत्ति में उछाल जून 2020 से आने लगा।

9 जून 2021 तक आते-आते उनकी संपत्ति करीब-करीब 7 गुना उछल कर 76.7 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इसके बाद तो उनकी दौलत को पंख लग गए। 29 अप्रैल 2022 को उन्होंने 122 अरब डॉलर का मुकाम हासिल कर लिया और अब वह 137 अरब डॉलर पर हैं।

अडानी के पास अचानक से इतनी संपत्ति यहां से आई
अब सवाल उठता है कि अडानी के पास अचानक से इतनी संपत्ति कहां से आ गई तो इसका एक ही जवाब है शेयर बाज़ार में तेजी से। गौतम अडानी ने 1988 से अपना बिजनेस शुरू किया था, अभी उनकी 7 कंपनियां शेयर बाज़ार में लिस्टेड हैं। अडानी प्राइवेट सेक्टर में देश का सबसे बड़ा पोर्ट चलाते हैं। उन्होंने 6 एयर पोर्ट सरकार से खरीदें हैं। मुंबई एयरपोर्ट अब उनका है। प्राइवेट सेक्टर में सबसे ज़्यादा बिजली उत्पादन करते हैं। वहीं, बिजली में लगने वाला कोयले का सबसे ज़्यादा खनन करते हैं। देश में सबसे ज़्यादा सीमेंट बनाते हैं। फार्च्यून ब्रांड से तेल, आटा, चावल, बेसन जैसी चीजें भी बेचते हैं। उनकी कंपनियों के शेयरों की क़ीमत राकेट की तरह भाग रही है। इनका मार्केट कैप 19 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा है। इन्हीं कंपनियों में शेयर होने के चलते अडानी की संपत्ति बढ़ी है।

उनकी कंपनियों के इस साल के परफार्मेंस की बात करें तो अडानी पावर 292 फीसद उछला है। अडानी इंटरप्राइजेज की इस साल अबतक की उछाल 294 फीसद है। अडानी पोर्ट्स 108 तो अडानी ग्रीन करीब 80 फीसद का रिटर्न दिया है। जबकि, अडानी विल्मर की उछाल इस अवधि में 158 फीसद से अधिक रही। अडानी टोटल गैस ने भी इस दौरान 109 फीसद तो अडानी ट्रांसमिशन ने 127 फीसद की उड़ान भरी।

अडानी समूह के संस्थापक हैं गौतम
गौतम अडानी अडानी समूह के संस्थापक हैं। यह समूह देश का सबसे बड़ा पोर्ट ऑपरेटर है। यह देश का सबसे बड़ा कोयला कारोबारी भी है। समूह की कंपनी के पास देश के कई एयरपोर्ट के संचालन का काम भी है। अडानी समूह की नेटवर्थ 2022 में लगातार बढ़ी है। गौतम अडानी दुनिया के टॉप-10 रईसों की सूची में एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी दौलत पिछले 24 घंटे के दौरान बढ़ी है। इस दौरान अडानी की नेटवर्थ में 1.2 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इस साल जनवरी से अब तक अडानी की संपत्ति 60.9 अरब डॉलर बढ़ चुकी है।

पिछले माह किया एनडीटीवी में हिस्सेदारी खरीदने का एलान
अडानी समूह ने पिछले सप्ताह एनडीटीवी में 29 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी का एलान कर सबको चौंका दिया था। समूह की एक कंपनी यह अधिग्रहण करने जा रही है, हालांकि एनडीटीवी ने कहा है कि यह खरीदी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी के बाद ही हो सकेगी। अडानी समूह की कंपनी एएमजी मीडिया नेटवर्क लिमिटेड ने अपनी सहयोगी कंपनी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के जरिए एनडीटीवी की एक प्रवर्तक कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के 99.99 फीसदी शेयर खरीदने की पेशकश की है। इसमें कुछ कानूनी पेचीदगियां हैं। यानी एनडीटीवी में 29 फीसदी हिस्सेदारी अडानी समूह की कंपनी आरआरपीआर को खरीदकर हासिल करेगी, इसे सेबी की मंजूरी मिलना है।

बिल गेट्स को पिछले माह पछाड़ा
गौतम अडानी ने पिछले माह माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स को पछाड़ दिया था। बिल गेट्स की नेटवर्थ घटकर 117 अरब डॉलर रह गई है। यह कमी उनके द्वारा बड़े पैमाने पर दान करने के कारण आई है।

अंबानी को फरवरी में पीछे छोड़ा था
अडानी की नेटवर्थ में इस साल 60 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। यह देश के अन्य रईसों की तुलना में पांच गुना ज्यादा है। इसी साल फरवरी में गौतम अडानी ने रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया था। अडानी इसके साथ ही भारत के व एशिया के सबसे रईस बने थे। अप्रैल 2022 में अडानी की नेटवर्थ पहली बार 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गई थी।

Share:

Next Post

सैनिकों की कमी से जूझ रहा रूस, अमेरिका का दावा- नई भर्ती में कामयाब नहीं होंगे पुतिन

Tue Aug 30 , 2022
वॉशिंगटन। छह माह से ज्यादा समय से यूक्रेन के साथ जंग लड़ रहे रूस को वहां सैनिकों की कमी से जूझना पड़ रहा है। अमेरिका का दावा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सेना में 1,30,000 से ज्यादा सैनिकों की नई भर्ती की योजना बनाई है, लेकिन वह कामयाब नहीं होगी। अमेरिकी वेबसाइट ने […]