
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 55 लाख विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से स्कूल यूनिफॉर्म (गणवेश) की राशि का इंतजार कर रहे छात्रों के खातों में कल (सोमवार) यह राशि जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जवाहर चौक में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि अंतरित करेंगे।
दो जोड़ी यूनिफॉर्म के लिए मिलेगी राशि
स्कूल शिक्षा विभाग की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के बैंक खाते में सीधे 600 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। इस राशि से प्रत्येक बच्चे को दो जोड़ी गणवेश उपलब्ध कराई जानी है। राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत बच्चों को निःशुल्क गणवेश योजना का लाभ दिया जाता है। इस पूरी योजना पर राज्य सरकार द्वारा सालाना लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं।
प्रोफाइल अपडेशन के चलते हुई थी वितरण में देरी
गौरतलब है कि प्रदेश भर के लाखों छात्र और उनके अभिभावक बीते काफी समय से गणवेश की राशि जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। विभागीय जानकारी के अनुसार, बच्चों की प्रोफाइल अपडेशन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण नहीं हो पाने के चलते राशि वितरण में देरी हुई थी। अब यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल सिंगल क्लिक से प्रदेश के 55 लाख बच्चों को यह सौगात देने जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved