इंदौर न्यूज़ (Indore News)

हाईटेक पुलिस- 123 पब और बार की कंट्रोल रूम से मॉनीटरिंग

इंदौर। शहर में नाइट कल्चर के चलते लगातार पब और बार में झगड़े और तय समय पर इनके बंद नहीं होने की शिकायतें पुलिस को मिलती थीं, जिसके चलते पुलिस बल को वहां भेजना पड़ता था, लेकिन अब पुलिस कंट्रोल रूम में बैठे-बैठे शहर के 123 पब और बार की मॉनीटरिंग की जा रही है। पुलिस ने पिछले दिनों पब और बार पर नियंत्रण के लिए एक जूम ऐप बनाया है। इसमें शहर के हर कोने में स्थित पब और बार के मैनेजरों को जोड़ा गया है। रोजाना रात को पुलिस कंट्रोल रूम से एक लिंक इनको भेजी जाती है। लिंक पर क्लिक करते ही ये जूम ऐप से जुड़ जाते हैं।


इसके बाद इन लोगों को रियल टाइम अपने पब और बार को मोबाइल के माध्यम से दिखाना होता है कि बार बंद हो गया है। इसमें होटल के अंदर के अलावा पार्किंग एरिया भी दिखाना होता है। जो लोग ऐसा नहीं करते उनकी अबसेंट डाली जाती है और फिर संबंधित थाने की पुलिस को भेजकर उसको बंद करवाया जाता है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अब लगभग रोजाना सभी बार मैनेजर ऐप से जुड़ रहे हैं। समय पर बार बंद हो रहे हैं, जिसके चलते झगड़े की सूचनाएं आना कम हो गई हंै। पहले पुलिस को रोजाना रात 11 बजे से अपने थानों में गश्ती टीम को रवाना करवना पड़ता था, जो जाकर देखती थी कि होटल बंद हुए हैं या नहीं। 11 बजे बाद शराब नहीं परोस सकते और 12 बजे तक बार बंद करने का नियम है। अब पुलिस यह काम कंट्रोल रूम में बैठे-बैठे ही कर रही है। बताते हैं कि अब इस जूम ऐप से रिंग रोड और बायपास के ढाबों को भी जोड़ा जा रहा है।

Share:

Next Post

आईडीए अध्यक्ष ने खजराना ओवर ब्रिज के काम का जायजा लिया | IDA President took stock of the work of Khajrana Over Bridge

Thu Dec 7 , 2023