इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर में बिगड़ा इंडिगो का विमान

  • – विमान में सवार यात्रियों को विमान से उतारा
  • – साढ़े तीन घंटे देरी से रवाना हुई नागपुर फ्लाइट
  • – विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण परेशान होते रहे यात्री, कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया हंगामा

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर कल दोपहर इंडिगो का नागपुर जाने वाला विमान बिगड़ गया। इसके चलते विमान में सवार हो चुके यात्रियों को विमान से उतारा गया। सुधार के बाद यह विमान तय समय से साढ़े तीन घंटे देरी से रवाना हो सका। इस दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रुकवाया गया और वे परेशान होते रहे।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-7108) दोपहर 2.05 बजे इंदौर से नागपुर के लिए रवाना होती है। इससे जाने के लिए यात्री 12 बजे से ही एयरपोर्ट पहुंचना शुरू हो गए थे। 1.30 बजे 50 से ज्यादा यात्रियों को विमान में सवार भी कर दिया गया था। इसके बाद जब पायलट विमान को ले जाने की तैयारी में था, तभी विमान के इंजन में गड़बड़ी के संकेत कॉकपिट में मिले।


इस पर पायलट ने तुरंत इसकी सूचना इंडिगो के स्टाफ और एटीसी को दी। सूचना मिलने पर तुरंत इंडिगो के इंजीनियर्स की टीम विमान पर पहुंची और जांच की। पहले बताया गया कि आधे घंटे में सुधार हो जाएगा, लेकिन करीब एक घंटे में भी जब सुधार नहीं हुआ तो विमान में सवार यात्री परेशान होने लगे। सुधार में ज्यादा समय लगता देख इंडिगो की टीम ने यात्रियों को दोबारा विमान से उतारते हुए टर्मिनल में भेजा।

सुधार के बाद यात्रियों को दोबारा विमान में भेजा
विमान के सुधार में तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद दोबारा यात्रियों को जांच के बाद विमान में भेजा गया। यात्रियों को लेकर यह विमान सुधार के बाद तय समय से करीब साढ़े तीन घंटा देरी से शाम 5.40 बजे रवाना हुआ।

Share:

Next Post

फैक्ट्री में तेंदुआ, 9 घंटे सर्चिंग

Mon May 16 , 2022
इंदौर। सांवेर रोड स्थित एक फैक्ट्री में तेंदुआ पकडऩे के लिए घंटों तक वन विभाग की टीम सर्चिंग करती रही, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। सूत्रों के अनुसार वन विभाग के अधिकारियों को पुलिस द्वारा सूचना मिली थी कि सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित देवांश फैक्ट्री में एक तेंदुआ देखा गया है। मामले को गंभीरता से […]