
इंदौर। शहर के आसमान पर छाए बादल कल मध्य क्षेत्र पर मेहरबान नजर आए। दोपहर में सिर्फ डेढ़ घंटे में मध्य क्षेत्र में सवा इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं पूर्व में आधा इंच से ज्यादा और सबसे कम पश्चिमी शहर में 0.2 इंच बारिश ही मिल पाई। इसके साथ ही मध्य क्षेत्र बारिश के मामले में सबसे आगे निकल चुका है, जहां बारिश का आंकड़ा साढ़े 5 इंच पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
शहर में कल दोपहर करीब 2 बजे से हलकी बूंदाबांदी शुरू हुई। रीगल सर्कल स्थित वेदर मॉनीटरिंग स्टेशन पर 2.15 बजे से 3.45 बजे के बीच 1.25 इंच बारिश दर्ज की गई। मध्य क्षेत्र में बारिश इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सडक़ें जलमग्न हो गईं। इसके कारण यातायात भी बाधित हुआ। वहीं पूरब में स्थित कृषि महाविद्यालय मौसम केंद्र पर कल 0.6 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिम में विमानतल स्थित मौसम केंद्र पर सिर्फ 0.2 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज और अगले कुछ दिनों तक लगातार शहर में रोजाना अच्छी बारिश की संभावना है। इससे शहर के भूमिगत जलस्तर में भी वृद्धि होगी, जिससे जल संकट से मुक्ति मिलेगी और तापमान में भी कमी आने से गर्मी और उमस से भी राहत मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी कम हुई बारिश
कल ग्रामीण क्षेत्रों में भी पिछले दिनों की तुलना में कम बारिश देखने को मिली। सर्वाधिक बारिश गौतमपुरा में 0.8 इंच के रूप में दर्ज की गई। इसके बाद सांवेर में 0.7, महू में 0.6 और हातोद में 0.4 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं देपालपुर पूरी तरह सूखा रहा।
रात का तापमान बढ़ा
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रहा, जो सामान्य था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और कल की अपेक्षा 1.6 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी रही। हवाओं के अधिकतम रफ़्तार 19 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved