
इंदौर। तुर्किए की कम्पनी को दिया गया ठेका निरस्त करने के बाद हाथ से बनी टिकटों का वितरण भी मेट्रो कॉर्पोरेशन को करवाना पड़ा, तो उसके बाद दिल्ली मेट्रो को इसकी जिम्मेदारी दी गई और अब 27 अप्रैल से ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम शुरू हो जाएगा। मेट्रो कॉर्पोरेशन ने मोबाइल एप एमपी मेट्रो के नाम से तैयार करवाया, जिसमें डिजिटल वॉलेट की सुविधा भी दी जाएगी और उसके माध्यम से टिकटों पर छूट का लाभ भी मिलेगा। हालांकि अभी तो इंदौर के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर गिनती के ही यात्री सफर करते हैं और अगले कुछ ही दिनों में गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक 17 किलोमीटर में व्यवसायिक संचालन शुरू किया जाना है। उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान तुर्किए की कम्पनी को दिया गया ठेका मेट्रो कॉर्पोरेशन ने निरस्त कर दिया था, क्योंकि तुर्किए ने पाकिस्तान को भारत के खिलाफ ड्रोन सहित अन्य युद्ध सामग्री उपलब्ध कराई थी।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मेट्रो यात्रियों को सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने और डिजिटल भुगतान प्रणाली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 27 अप्रैल 2026 से ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम शुरू किया जा रहा है। इसके साथ ही मेट्रो यात्रियों को विशेष रियायत दी जाएगी। इसके माध्यम से यात्रियों को टिकट खरीद एवं वॉलेट रिचार्ज पर विभिन्न स्तरों पर आकर्षक छूट प्रदान की जाएगी। यह कदम न केवल यात्रियों को आर्थिक रूप से लाभान्वित करेगा, बल्कि डिजिटल भुगतान प्रणाली को भी प्रोत्साहित करेगा। राउंड ट्रिप (आवागमन) टिकट पर कुल किराए में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इससे उन यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा जो एक ही दिन में आवागमन करते हैं। समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। समूह टिकट पर कुल किराए में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
यह सुविधा (एकल समूह टिकट पर) न्यूनतम 8 एवं अधिकतम 40 यात्रियों के समूह के लिए उपलब्ध होगी। आधिकारिक मोबाइल एप्प एमपी मेट्रो के माध्यम से यात्री क्यूआर टिकट बुक कर सकेंगे। एमपी मेट्रो एप्प के वॉलेट रिचार्ज पर विशेष रियायत दी जाएगी। मोबाइल एप्प के माध्यम से टिकट प्राप्त करने पर यात्रियों का समय भी बचेगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटिंग के विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। पेपर क्यूआर टिकट, टाम (टिकट काउंटर)/ईएफओ (ग्राहक सेवा केंद्र) रूम से नगद या यूपीआई के माध्यम से प्राप्त किए जा सकते हैं। मोबाइल क्यूआर टिकट के आधिकारिक मोबाइल एप्प के माध्यम से डिजिटल भुगतान द्वारा आसानी से खरीदे जा सकेंगे। मोबाइल एप्प एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है वहीं जमा की गई राशि का उपयोग केवल मेट्रो टिकट खरीद के लिए ही किया जा सकेगा तथा यह राशि किसी भी स्थिति में वापस नहीं की जाएगी। यह रियायत यात्रियों को अधिक संख्या में मेट्रो सेवा से जोड़ेगी तथा शहरी परिवहन को और अधिक सुलभ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved