img-fluid

इंदौर में कल थी, सबसे ठंडी रात, बीती रात टूटा पिछले 10 सालों की ठंड का रिकार्ड

September 29, 2026

  • मानसून की विदाई से पहले ठंड की आहट
  • रात का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री पर पहुंचा, 48 घंटों में रात के तापमान में 5.6 डिग्री की कमी आई
  • सितंबर में सामान्य न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री, इस बार सामान्य से 4.5 डिग्री नीचे पहुंचा पारा
  • 2016 से 2025 के बीच सितंबर में सबसे कम 18.6 डिग्री रहा था न्यूनतम तापमान

इंदौर, विकाससिंह राठौर।
मानसून (Monsoon) की विदाई के दौर में इंदौर (Indore) के मौसम (Season) ने करवट लेना शुरू कर दिया है। दिन में भले ही गर्मी बनी हुई है, लेकिन रात के तापमान (Temperature) में अचानक आई गिरावट से शहर में ठंड ने आहट दे दी है। बीती रात पारा गिरकर 16.6 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। यह सितंबर माह में पिछले 10 वर्षों में दर्ज सबसे कम न्यूनतम तापमान है। खास बात यह भी है कि यह प्रदेश का भी सबसे कम तापमान था। यानी बीती रात इंदौर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।


  • खास बात यह है कि महज 48 घंटे में रात के तापमान में 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है। 27 सितंबर की रात न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री था, जो 28 सितंबर को 19.6 डिग्री और 29 सितंबर को 16.6 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान सामान्य से भी 4 डिग्री कम रहा। तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण रात को ठंड का अहसास हुआ। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से आम लोगों से लेकर मौसम वैज्ञानिक तक हैरान हैं।

    पचमढ़ी से भी ठंडा रहा कल इंदौर
    भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक प्रदेश में सर्वाधिक कम न्यूनतम तापमान अकसर पचमढ़ी में दर्ज किया जाता है, लेकिन कल रात इंदौर पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा रहा। इंदौर में जहां न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री पर पहुंचा, जो प्रदेश का सर्वाधिक कम तापमान था, वहीं दूसरे स्थान पर धार रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी 18 डिग्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद 18.4 डिग्री के साथ छिंदवाड़ा और 18.8 डिग्री पर बैतूल रहा। उज्जैन में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और राजधानी भोपाल में 19.8 डिग्री रहा।

    दिन का पारा उछला, चुभ रही गर्मी
    रात के न्यूनतम तापमान ने जहां ठंडक के रिकॉर्ड तोड़े हैं, वहीं कल दिन का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री दर्ज किया गया, यानी दिन और रात के तापमान के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। रात की अपेक्षा दिन का तापमान दोगुना है।

    10 साल में पहली बार सितंबर में 17 डिग्री से नीचे आया पारा
    मौसम विभाग के पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के मुताबिक सितंबर में न्यूनतम तापमान कभी भी 17 डिग्री से नीचे नहीं गया था। पिछले 10 सालों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2018 में 18.6 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था। इसके नीचे पारा कभी नहीं आया। इसके बाद 2024 में 20.1 और 2025 में 20.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। इस बार 16.6 डिग्री के साथ पिछले 10 सालों के सभी रिकॉर्ड पीछे छूट गए। हालांकि इंदौर के इतिहास में सितंबर में सबसे कम तापमान का रिकॉर्ड 2 सितंबर 2000 को दर्ज हुआ था, जब तापमान गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच गया था।

    तीन दिन में बदला मौसम का मिजाज
    27 सितंबर को अधिकतम तापमान 30.9 और न्यूनतम 22.2 डिग्री था। 28 सितंबर को अधिकतम 32.1 और न्यूनतम 19.6 डिग्री रहा। इसके बाद 29 सितंबर को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह तीन दिनों में रात के तापमान में 5.6 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार पिछले 24 घंटे में इंदौर में बारिश नहीं हुई। मौसमी बारिश का आंकड़ा 590.1 मिमी (23.2 इंच) पर ही बना हुआ है। यानी मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर थमने के साथ आसमान साफ होने और रात में तापमान तेजी से नीचे आने का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।

    सितंबर में बढ़ने लगती है रात की ठंडक
    सितंबर के अंतिम सप्ताह में मानसून कमजोर पड़ने के साथ आसमान में बादलों की मात्रा कम होने लगती है। बारिश और बादलों की कमी के कारण रात में धरती से निकलने वाली गर्मी तेजी से बाहर जाती है, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है। इस बार भी इसी बदलाव का असर दिखाई दे रहा है। हालांकि दिन का तापमान अभी 32 डिग्री के आसपास बना हुआ है, इसलिए मौसम में फिलहाल दिन में गर्मी और रात में ठंडक का अंतर महसूस होगा।
    – ए.के. शुक्ला, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक

    एक नजर पिछले 10 साल के सितंबर पर
    वर्ष तापमान तारीख
    2016 20.0 12 सितं.
    2017 19.8 24 सितं.
    2018 18.6 28 सितं.
    2019 20.8 13 सितं.
    2020 20.4 29-30
    2021 20.7 24 सितं.
    2022 19.8 23 सितं.
    2023 20.6 16-17
    2024 20.1 15 सितं.
    2025 20.2 9 सितं.
    2026 16.6 29 सितं.
    (जानकारी मौसम विभाग के अनुसार)

    सितंबर से भी 4.5 डिग्री नीचे
    मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में शहर का सामान्य औसत न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहता है। मंगलवार को यह 16.6 डिग्री रहा, यानी सामान्य से 4.5 डिग्री कम। सुबह 8.30 बजे भी तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पिछले दिनों यह तापमान रात के सबसे कम तापमान के रूप में देखने को मिल रहा था।

    अब बारिश की उम्मीद नहीं
    मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में भी शहर में अब बारिश की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इसके चलते अब शहर को इस मानसून सीजन में मिली 23.2 इंच बारिश के साथ ही पूरा साल बिताना पड़ेगा। इससे जल संकट की गहरी आशंका है।

    Share:

  • इंदौर: बंटी की आत्महत्या की गुत्थी फिलहाल अनसुलझी

    Tue Sep 29 , 2026
    कॉल डिटेल तो निकली, मगर मोबाइल लॉक नहीं खुला… साड़ी भी कहां से आई ये भी अभी राज लालवानी और लुंकड़ के साथ भी चल रहा था लेन-देन का विवाद, मल्टी के नक्शे पर डायरियों पर बेचे भूखंड, महिला मित्रों के एंगल को भी तलाश रही है पुलिस इंदौर। शहर के चर्चित ज्वेलरी और रियल […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved