
इंदौर। घरेलू गैस उपभोक्ताओं (Domestic gas consumers) के लिए ई-केवाईसी (e-KYC) न करवाना अब भारी पड़ सकता है। केंद्र सरकार (Central government) ने एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 16 अगस्त तय की है। इस समय तक जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उन्हें घरेलू गैस सिलेंडर का लाभ नहीं मिलेगा और उन्हें सिलेंडर व्यावसायिक (कमर्शियल) दरों पर मिलेगा। ऐसे में अभी 970 रुपए में मिलने वाले 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को लगभग 2127 रुपए चुकाने पड़ सकते हैं।
तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार ई-केवाईसी का उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं का सत्यापन करना और फर्जी व डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों पर रोक लगाना है। नई व्यवस्था के तहत निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू श्रेणी की जगह व्यावसायिक दरों के अनुसार भुगतान करना होगा। इसलिए सभी उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द आधार सत्यापन पूरा करने की अपील की जा रही है।
इंदौर में 1.5 लाख उपभोक्ताओं का सत्यापन बाकी
इंडियन ऑइल की अलावा इंडेन गैस एजेंसी के संचालक महेश वर्मा ने बताया कि इंदौर में वर्तमान में करीब 8 लाख घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से लगभग 6.5 लाख उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि करीब 1.5 लाख उपभोक्ताओं का आधार सत्यापन अब भी बाकी है। एजेंसियां लगातार ऐसे उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क कर रही हैं और सिलेंडर डिलीवरी के दौरान भी ई-केवाईसी कराने की जानकारी दी जा रही है।
फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन पर लगेगी रोक
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि सरकार का उद्देश्य फर्जी और एक से अधिक गैस कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें समाप्त करना है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ताओं को ही घरेलू गैस योजना का लाभ मिल सके। आधार सत्यापन से प्रत्येक उपभोक्ता की पहचान सुनिश्चित होगी और डुप्लीकेट कनेक्शन आसानी से चिह्नित किए जा सकेंगे। संभावना है कि इस व्यवस्था से 5 से 10 प्रतिशत तक कनेक्शन बंद हो सकते हैं।
घर बैठे भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपनी गैस एजेंसी पर जाकर या मोबाइल से भी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के आधिकारिक मोबाइल ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन या ओटीपी के माध्यम से यह प्रक्रिया कुछ मिनट में पूरी हो जाती है।
ऐसे करें ई-केवाईसी
गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉग इन करें।
प्रोफाइल में जाकर ई-केवाईसी विकल्प चुनें।
आधार नंबर दर्ज करें।
फेस ऑथेंटिकेशन या ओटीपी के माध्यम से सत्यापन पूरा करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved