img-fluid

इंदौर: मंत्री विजयवर्गीय और सिलावट शिविर में रुके, सुबह योग सत्र से शुरुआत

May 31, 2026

कई नेता तो सोकर भी नहीं उठे, आज शाम मुख्यमंत्री करेंगे वर्ग का समापन
इंदौर। भाजपा (BJP) के प्रशिक्षण वर्ग में गजब का अनुशासन देखने को मिला। जो मंत्री (Minister) और विधायक (MLA) वीआईपी प्रोटोकाल (VIP Protocol) में रहते थे, वे सामान्य लोगों की तरह अपना घर छोड़ आम कार्यकर्ताओं के साथ वर्गस्थल पर ही रुके। इनमें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) और तुलसी सिलावट (Tulsi Silawat) सहित विधायक और सांसद शामिल थे। धार की सांसद और केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर जरूर अपने घर लौट गई थीं तो राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार भी वर्गस्थल पर नहीं रुकीं। आज शाम मुख्यमंत्री दोनों स्थानों पर पहुंचकर अंतिम सत्र को संबोधित करेंगे।

भाजपा के अपेक्षित कार्यकर्ताओं के लिए पूरे प्रदेश में लगाए गए प्रशिक्षण वर्ग का आज आखिरी दिन है। मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सबसे पहले ग्रामीण और उसके बाद शहरी क्षेत्र के वर्ग के समापन सत्र में भाग लेंगे। इंदौर शहर और ग्रामीण का वर्ग भी कल से शुरू हुआ, जिसका आज मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में समापन होना है। वर्ग में अलग-अलग सत्र के साथ आज सुबह योग सत्र से दूसरे दिन का आगाज हुआ। संगठन के स्पष्ट निर्देश थे कि वर्ग में शामिल होने वाला कार्यकर्ता चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी हो या जनप्रतिनिधि, उसे एक रात वर्गस्थल पर ही बिताना होगी। इसका पालन भी हुआ। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक मधु वर्मा, महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़ और नगर के पदाधिकारी सहित अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने रात शिविर स्थल पर ही गुजारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। पिछली बार मंडल स्तरीय वर्ग में एक एमआईसी मेम्बर द्वारा फिल्मी गाना गाने के मामले ने तूल पकड़ा था, लेकिन कल की रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ओतप्रोत रही। इसमें किसी प्रकार के फिल्मी नगमे और डांस का साफ मना कर दिया गया था। आज सुबह योग सत्र में सबसे पहले सांसद शंकर लालवानी और विधायक हार्डिया पहुंच गए, जब तक योग शुरू नहीं हुआ था। दोनों योग करके सुबह की वॉक पर निकल पड़े। योग सत्र में कई पदाधिकारी नदारद रहे और वे सोकर ही नहीं उठे।

[relpost[

ग्रामीण क्षेत्र के वर्ग में मंत्री तुलसी सिलावट भी रात रुके तो महू की विधायक उषा ठाकुर, जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा, महामंत्री रामस्वरूप गेहलोत ने भी रात वर्गस्थल पर ही बिताई। पूर्व विधायक जीतू जिराती आए जरूर, लेकिन वे रात में ही घर को लौट गए। केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार भी रात को अपने घर लौट गईं। उन्होंने संगठन के दिशा-निर्देश का पालन नहीं किया, जबकि संभाग प्रभारी रणवीरसिंह रावत ने गा्रमीण कार्यकर्ताओं के साथ ही वर्गस्थल पर रात गुजारी। वे सभी कार्यक्रमों में शामिल रहे। आज सुबह ग्रामीण क्षेत्र में भी खुले मैदान में योग सत्र का शुभारंभ हुआ, जिसमें सूर्य नमस्कार सहित अन्य योग के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने दिन की शुरुआत की।

देपालपुर विधायक की गैर हाजिरी डली
ग्रामीण क्षेत्र में सत्र की शुरुआत में जिस तरह से क्लास में प्रजेन्ट होती है, उसी हिसाब से जिला संयोजक रामविलास पटेल ने एक-एक कार्यकर्ता का नाम लिया और उनकी हाजिरी लगाई। कई कार्यकर्ता अनुपस्थित रहे। देपालपुर विधायक मनोज पटेल की अनुपस्थिति कल चर्चा का विषय रहीं। वे वर्गस्थल पर ही नहीं पहुंचे और न ही ग्रामीण इकाई को उनकी अनुपस्थिति का कोई उचित कारण मिल पाया।

व्यक्ति से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र, यही भाजपा की विचारधारा का आधार- महेन्द्र सिंह
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और प्रशिक्षण उसकी कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि हमारी वैचारिक अवधारणा में व्यक्ति से बड़ा संगठन और संगठन से बड़ा राष्ट्र है। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचार को लेकर कार्य करने वाला दल है और राष्ट्र प्रथम की भावना ही हमारे कार्य का आधार है। कार्य विस्तार विषय पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से अलग है, इसलिए उसे ‘पार्टी विद डिफरेंस’ कहा जाता है। भाजपा सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और राष्ट्र शक्ति को नई दिशा मिली है। भारत को और अधिक सशक्त बनाने के लिए भाजपा की विचारधारा का विस्तार आवश्यक है।

प्रशिक्षण शिविर के दिनभर की खास बात
बिगुल की गूंज के साथ हुआ ध्वजारोहण
प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत पारंपरिक बिगुल ध्वनि के बीच भाजपा ध्वजारोहण से हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह, संभाग प्रभारी रणवीरसिंह रावत, सांसद शंकर लालवानी, राजेश सोलंकी, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ध्वजारोहण किया।

भाजपा की कार्यप्रणाली 5-क पर आधारित है
कार्य पद्धति विषय पर संभाग प्रभारी रणवीरसिंह रावत ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जो प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को गढऩे का काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली ‘5-क’—कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय पर आधारित है।

प्रदर्शनी में दिखी विकास और संगठन की यात्रा
प्रशिक्षण वर्ग में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी ने कार्यकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए युगांतकारी परिवर्तनों, केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, मध्यप्रदेश सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में इंदौर में हुए विकास कार्यों, भोजशाला से जुड़े विषयों तथा भारतीय जनता पार्टी के स्थापना काल से लेकर अब तक के राष्ट्रीय अध्यक्षों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई।

भोजन व्यवस्था रही विशेष आकर्षण
प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं के लिए दोपहर के भोजन में शाही पनीर, गोभी-आलू की सब्जी, दाल-चावल, रोटी, पापड़ और श्रीखंड परोसा गया, जबकि रात्रि भोजन में कोफ्ता, मटर मलाई, शिमला मिर्च की सब्जी, दाल-चावल, कढ़ी, खिचड़ी और आमरस का स्वाद कार्यकर्ताओं ने लिया। हाई-टी में समोसा और ताजे फलों की भी व्यवस्था रही।

Share:

  • इन्दौर: अन्नपूर्णा से सुदामानगर की नई लिंक रोड पर लगेगी अटलजी की प्रतिमा

    Sun May 31 , 2026
    1 करोड़ 10 लाख की लागत से प्रतिमा बनेगी और स्थल को संवारेंगे इन्दौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा अन्नपूर्णा (Annapurna) से सुदामा नगर (Sudamanagar) लिंक रोड (Link Road) बनाने का काम किया जा रहा है और अब उस मार्ग पर पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी (Atalji) की 25 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके लिए निगम […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved