
इंदौर। इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित गांधी हॉल परिसर में दिल्ली से घूमने आई एक जर्मनी निवासी एनआरआई महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला अपने साथी के साथ इंदौर घूमने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल इंदौर के एमजी रोड थाना पुलिस के मुताबिक वह एनआरआई महिला, जो वर्तमान में दिल्ली में रहती है और मूल रूप से जर्मनी की निवासी है, एक दिन पहले अपने साथी के साथ इंदौर भ्रमण पर आई थी। दोनों गांधी हॉल परिसर में घूम रहे थे, तभी वहां तैनात चौकीदार दीपक, निवासी सीहोर ने महिला पर अशोभनीय टिप्पणियां कीं और उसके साथ छेड़छाड़ करने की नियत से अश्लील इशारे भी किये। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक तौर पर महिला इस मामले में शिकायत दर्ज कराने के पक्ष में नहीं थी, लेकिन पुलिस ने उसे कानूनी कार्रवाई के लिए समझाया। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी दीपक के विरुद्ध छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। मंगलवार शाम आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved