
इंदौर। इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अस्पताल में अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च किया, लेकिन वह साइबर ठगों के जाल में फंस गई। ठगों ने अपॉइंटमेंट के नाम पर लिंक भेजकर महिला से ऑनलाइन भुगतान कराया और कुछ ही देर में उसके खाते से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल महिला ने मुंबई के लीलावती अस्पताल में अपॉइंटमेंट बुक कराने के लिए गूगल पर अस्पताल का मोबाइल नंबर सर्च किया। सर्च में मिले नंबर पर संपर्क करने के बाद सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल का प्रतिनिधि बताते हुए अपॉइंटमेंट प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर एक लिंक भेजा। महिला ने भेजे गए लिंक पर क्लिक कर डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान किया। इसके लगभग आधे घंटे बाद उसके मोबाइल पर खाते से लगातार रकम कटने के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि साइबर ठग उसके खाते से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये निकाल चुके थे। घटना की शिकायत परदेशीपुरा थाने में दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved