इंदौर न्यूज़ (Indore News) देश मध्‍यप्रदेश

Indore: पुलिस अफसर बनी किडनैपर की गर्लफ्रेंड, फिर अपहरणकर्ता से बच्चे को छुड़ाया


इंदौर । मध्‍य प्रदेश की आर्थ‍िक राजधानी इंदौर शहर से एक मासूम बच्चे का अपहरण हो गया था। अपहरण की इस वारदात से इंदौर पुलिस परेशान थी। इस घटना को एक सनकी प्रेमी ने अंजाम दिया था क्योंकि उसकी प्रेमिका उसे छोड़ कर किसी और के साथ चली गई थी। इससे गुस्साए युवक ने प्रेमिका की मौसी के बेटे का अपहरण कर लिया था। अपहरण कर मासूम बच्चे को वह जंगल में लेकर चल गया था। बच्चे के साथ अपहरणकर्ता जंगल में ही रह रहा था। साथ ही बच्चे की मां को फोन कर अपनी प्रेमिका को भेजने के लिए कह रहा था। महिला पुलिस अफसर ने किडनैपर से उसकी गर्लफ्रेंड बन कर बात की और उसे जंगल से बाहर निकलने पर गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, यह घटना इंदौर के चंदन नगर इलाके की है, जहां प्रेम की सनक ने एक युवक को इतना पागल कर दिया कि वह जुर्म करने पर उतारू हो गया। उसने जिस महिला से प्यार किया था, वो उसे छोड़कर चली गई थी। उसे वापस पाने के लिए युवक ने महिला की मौसी के बेटे का अपहरण कर लिया। उसके बाद महिला के परिजनों पर दबाव बनाने लगा।

पुलिस के अनुसार मासूम बच्चे की मां ने गुरुवार को चंदनगर थाने पहुंच कर बच्चे की गुमशुदगी के लिए रिपोर्ट दर्ज करवाने का प्रयास किया था। थाना प्रभारी ने जब उससे कुछ समय इंतज़ार करने को कहा तो पता चला कि घटना चंदन नगर की नहीं बल्कि गांधी नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में महिला को तुरंत गांधी नगर थाना पहुंचाया। इस दौरान आरोपी का फोन अपह्रत बच्चे की मां के पास पहुंचा।

अपहरणकर्ता ने फोन कर बच्चे की मां को कहा कि जब तक महिला की बहन की बेटी (प्रेमिका) उसके पास नहीं आ जाती, तब तक वो बच्चे को नहीं छोड़ेगा। इस मामले की जानकारी पुलिस को मिली तो तत्काल सीएसपी सौम्या जैन सक्रिय हुई और उन्होंने मासूम को कुछ न हो इसके लिए दीपक नामक आरोपी से उसकी प्रेमिका बनकर बात की।

 

आरोपी को जाल में फंसाने के लिए सीएसपी सौम्या जैन लगातार किडनैपर से उसकी प्रेमिका बन कर बात कर रही थीं। बातचीत के दौरान उसके नंबर का लोकेशन मिल गया। इस दौरान जानकारी मिली कि वह खरगोन के जंगलों में छिपा हुआ है। उसके बाद इंदौर पुलिस टीम को रवाना किया गया। इस टीम में एक महिला आरक्षक भी शामिल थी। मौके पर पहुंचने से पहले महिला आरक्षक ने किडनैपर से बच्चे की मौसी बन कर बात की। साथ ही जंगल के करीब उसे मिलने के लिए बुलाया।

महिला आरक्षक जब आरोपी दीपक से मिलने के लिए पहुंची तो वह जंगल से बच्चे को लेकर बाहर निकला। उसके बाद इंदौर पुलिस की टीम ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपह्रत बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।

वहीं, अब एसपी पश्चिम महेशचंद्र जैन ने पूरी घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को नकद इनाम दिया है। वहीं, सीएसपी सौम्या जैन के आइडिए की तारीफ भी की है। साथ ही प्रशस्ति पत्र देने के लिए कहा है। बताया जाता है कि आरोपी का जिस महिला से संबंध था, वो अपने पति को छोड़ चुकी है। पति के छोड़ने के बाद वह आरोपी दीपक के साथ रह रही थी। आरोपी से झगड़े के बाद वह उसे छोड़ कर किसी और के साथ चली गई थी। उसके बाद आरोपी ने यह कदम उठाया था।

Share:

Next Post

महंगा पड़ेगा UPI ट्रांजेक्शन, थर्ड पार्टी एप्स से पेमेंट पर लगेगा अतिरिक्त चार्ज

Sun Dec 6 , 2020
नई दिल्ली। एक जनवरी 2021 से यूपीआई ट्रांजेक्शन (UPI) महंगा हो जाएगा। अब पेमेंट करने पर ग्राहक को अतिरिक्त चार्ज देना होगा। अगर कोई थर्ड पार्टी एप्स का इस्तेमाल कर यूपीआई के जरिए ऑनलाइन पेमेंट करता है तो उसको ज्यादा चार्ज देना होगा। हर महीने करीब 200 करोड़ यूपीआई लेन-देन हो रहे हैं, इस बीच […]