इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर में कल की रात रही सबसे सर्द

  • कश्मीरी हवाओं से बढ़ी ठंड, पहली बार पारा 16 डिग्री से नीचे

इंदौर (Indore)। शहर में ठंड का असर बढऩे लगा है। कल रात पहली बार न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के नीचे पहुंचा। इसके साथ ही कल की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात बन गई। रात के साथ ही दिन के तापमान में भी कमी आई है। मौसम विभाग ने आज तापमान में और कमी की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और उस ओर से आ रही हवाओं के कारण शहर के तापमान में कमी आई है। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था, लेकिन इस साल इस सीजन का सबसे कम तापमान था।

इस दौरान उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम गति 11 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। इसके कारण वहां ठंड काफी बढ़ गई है। वहीं इंदौर सहित मध्य भारत की ओर उत्तर भारत से ही हवाएं आ रही हैं। यानी कश्मीर की ओर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण यहां भी ठंडक बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आई है। आज भी दिन और रात के तापमान में गिरावट रहेगी और यह दौर आगे भी जारी रहेगा।


दो दिनों में 2 डिग्री से ज्यादा गिरा पारा
कल रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही, हालांकि नवंबर में दर्ज सबसे कम तापमान से यह तापमान ज्यादा है। हालांकि पिछले दो दिनों में इसमें काफी कमी देखने को मिली है। कल यानी सोमवार रात दर्ज 15.6 डिग्री तापमान शनिवार रात दर्ज 18 डिग्री की अपेक्षा 2.4 डिग्री कम था। वहीं कल दिन का 29.1 डिग्री तापमान शुक्रवार को दर्ज 32.4 डिग्री की अपेक्षा 3.3 डिग्री कम था। इस तरह दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आई है। आज रात पारा 15 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।

Share:

Next Post

एक महीने में 600 ट्रांसफार्मर ओवरलोड, 200 खराब, 400 रिपेयर

Tue Nov 14 , 2023
सिंचाई में भरपूर बिजली का उपयोग इंदौर, कमलेश्वरसिंह सिसौदिया। रबी सीजन में सिंचाई के लिए भरपूर बिजली का उपयोग हो रहा है। अकेले इंदौर जिले में 400 मेगावाट बिजली सिंचाई में लग रही है। बिजली लाइन और तारों पर ज्यादा दबाव के चलते एक महीने में तकरीबन 600 ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं, जिन्हें 24 […]