आचंलिक

महिदपुर नपा चुनाव : 18 वार्डों में से 9 भाजपा, 8 कांग्रेस, 1 निर्दलीय

  • दोनों दलों के विजयी प्रत्याशियों के निकले जुलूस

महिदपुर। नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम को लेकर प्रात: से ही मतगणना स्थल पर परिणाम जानने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। चुनाव परिणामों की अधिकृत घोषणा बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में हुई जिसमें चौकाने वाले नतीजे देखने को मिले।
पहला नतीजा वार्ड क्रमांक 12 का कांग्रेस के पक्ष में आते ही कांग्रेसजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार नगर पालिका के कुल 18 में से 9 वार्डों में बीजेपी ने जीत का परचम लहराया है। 8 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी हुए है, वहीं एक निर्दलीय प्रत्याशी की विजय हुई है। नगर के कुल 18 वार्डों में से सबसे रोमांचित मुकाबला वार्ड क्रमांक 6 में देखने को मिला। जहाँ पर भाजपा पदाधिकारियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी जिसके चलते भाजपा को इस वार्ड से सीट बचाने में काफी पसीना आया। भाजपा की ओर से नगर मंडल अध्यक्ष उमा पांडे और कांग्रेस से रवि यादव के बीच कांटे की टक्कर रही जिसके चलते दोनों के बीच जीत हार का अंतर भी महज 6 मत का ही रहा। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 17 में सबसे अधिक 627 मतों जीत हुई। इधर अध्यक्ष पद के लिए भी जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। अध्यक्ष बनने में निर्दलीय की भी भूमिका रहेगी।


इन्हें चुना वार्ड के मतदाताओं ने
वार्ड क्रमांक 1 से भाजपा प्रत्याशी आशा जगदीशचंद्र 36 मतों से विजयी रही। इसी प्रकार वार्ड 2 से नेहा जैन पीयुष (कांग्रेस) 128 मतों से विजयी रही। वार्ड 3 से कैलाशचंद्र बगाना (कांग्रेस) ने 216, वार्ड 4 से रूखसार बी जाहिद (निर्दलीय) ने 230, वार्ड 5 में नानीबाई ओमप्रकाश (भाजपा) 176, वार्ड 6 से उमा शैलेन्द्र पांडे (भाजपा) 6 मत, वार्ड 7 में फरमान मंसुरी (भाजपा) 134, वार्ड 8 में शाहीन बी मो. युसुफ (कांग्रेस) 159, वार्ड 9 में आरती दिनेश परमार (भाजपा) 213, वार्ड 10 में राजाराम नागूलाल कहार (भाजपा) 374, वार्ड 11 तरूणा राजेश कुमार (भाजपा) 172, वार्ड 12 में अरुणा अनिल आंचलिया (कांग्रेस) 133, वार्ड 13 में जगदीश राठौर (भाजपा) 262, वार्ड 14 में गुलाम अजीज मोहम्मद बाबा (कांग्रेस) 181, वार्ड 15 में शहजादी बी मुन्ना अली (कांग्रेस) 124, वार्ड 16 में सुदीप चौपड़ा (भाजपा) 58, वार्ड 17 में नाजमा रानी मोहम्मद इकबाल (कांग्रेस) 627, वार्ड 18 हसीना बी जाकिर हुसैन (कांग्रेस) 384 मतों से विजयी हुए।


3 वार्डों में भाजपा की व 1 में कांग्रेस की जमानत जब्त
कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने दोनों ही दलों का समीकरण बिगाड़ दिया, वहीं कुछ वार्डों में तो प्रमुख दलों की जमानत ही जब्त हो गई। वार्ड 1 में कांग्रेस प्रत्याशी को 44 मत मिले। वार्ड 4 में भाजपा को 50 वोट आए। सबसे कम वार्ड 8 में भाजपा को मात्र 20 मत ही मिले। वार्ड 17 में भाजपा को 152 मत मिले। वहीं नोटा में कुल 305 मत दिए है। सबसे ज्यादा वार्ड 18 में 47 व सबसे कम वार्ड 5 में 5 वोट नोटा में डले।

प्रशासन के खिलाफ मीडिया में आक्रोश
मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए मीडिया कर्मियों के पास बनाए जाने में मनमानी को लेकर निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ मीडिया कर्मियों में आक्रोश देखा गया। अपने अडिय़ल रवैये के चलते उन्हें कवरेज के लिए अंदर जाने से वंचित किया गया। वहीं बाहर भी लगे ध्वनि विस्तारक यंत्र की आवाज कम होने से बाहर परिणाम को सुनने के लिए खड़े नागरिकों में भी काफी आक्रोश दिखाई दिया।

जीत के बाद प्रत्याशियों ने निकाला विजय जुलूस
विजयी पार्षदों की अधिकृत घोषणा होते ही भाजपा एवं कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों ने नगर में विजय जुलूस निकाला। जहाँ पर कांग्रेस ने अपने-अपने वार्ड में ढोल के साथ जुलूस निकालते हुए मतदाताओं का आभार माना। वहीं भाजपा के प्रत्याशियों ने पूरे नगर में अपनी जीत का जश्न मनाते हुए जुलूस निकाला। इस दौरान विधायक बहादुरसिंह चौहान भी नगर पहुंचकर विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कमल पटेल, हीरालाल आंजना, दिनेश बोस, रणछोड़ त्रिवेदी, गजराजसिंह पंवार, अरुण बुरड़, सगीर बेग, जितेन्द्र मंडोरा ने भी कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों को बधाई देकर स्वागत किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सुबह से ही महिदपुर पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ मोर्चा संभाल रखा था।

Share:

Next Post

कोरोना के दो दिनों में 15 मरीज मिलने से लोगो में दहशत, कोरोना पकड़ रहा रफ्तार

Thu Jul 21 , 2022
सीहोर। जिले में लगातार की जा रही जांच में कोरोना के मरीजो की सं या लगातार मिलने से लोगो में भय व दहशत का माहौल है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना मरीज न मिलने से लोगो ने चैन की सांस ली थी, लेकिन इस मौसम में पुन: एक बार कोरोना के मरीजो का लगातार मिलना […]