इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

4 हजार से अधिक कांग्रेसियों के भाजपाई होने का दावा

संगठन ने दावा तो किया, लेकिन नामों की सूची किसी भी पदाधिकारी के पास नहीं, एक पूर्व पार्षद ही आया

इंदौर। भाजपा (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा (VD Sharma) द्वारा आज पार्टी के स्थापना दिवस पर 1 लाख लोगों के भाजपा में शामिल होने के बीच इंदौर नगर संगठन ने भी दावा किया कि यहां से 4 हजार कांग्रेसी भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन जब संगठन से सूची मांगी गई तो नेताओं ने एक-दूसरे पर टालमटोल कर दी। हालांकि आज सुबह भाजपा के ही पार्षद रहे एक नेता ने फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। अब सवाल उठता है कि 4 हजार कांग्रेसियों के भाजपा में शामिल होने का दावा कितना पुख्ता है?


आज सुबह स्थापना दिवस के समारोह में भाजपा से पार्षद रहे राजेन्द्र जायसवाल जो पहले कांग्रेस और उसके बाद आप पार्टी में शामिल हो गए थे, आज वापस लौट आए हैं। उन्होंने आज सुबह वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता फिर से ग्रहण कर ली। कयास लगाए जा रहे थे कि संगठन आज स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कुछ कांग्रेसियों को भाजपा की सदस्यता दिलाएगा, लेकिन स्थापना दिवस की औपचारिकता के साथ ही कार्यक्रम का समापन हो गया। भाजपा के नगर अध्यक्ष ने कल दावा किया था कि 6 अपे्रल को पार्टी के स्थापना दिवस पर इंदौर शहर में 4 हजार से अधिक कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे, वहीं जिले में भी तैयारी की गई थी। हालांकि जिले की महू और देपालपुर विधानसभा के कांग्रेसियों को भाजपा में शामिल करने का एक अलग कार्यक्रम रखा जा रहा है। इंदौर शहर में कौन-कौन शामिल होने वाला है, इसकी जानकारी सुबह तक नगर संगठन के पास नहीं थी। यही बताता जाता रहा है कि शाम तक संख्या आ जाएगी। भाजपा के मीडिया विभाग से जब सूची मांगी गई तो उन्होंने भी अनभिज्ञता जताई और कहा कि सूची अभी बनी नहीं है। ऐसे में 4 हजार कांगे्रसियों को भाजपा में लाने का दावा अभी तो केवल दावा ही नजर आ रहा है।

पटेल और शुक्ला अलग कार्यक्रम करेंगे
कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी कर रहे हैं। हिन्दू नववर्ष की शुरूआत के बाद नवरात्रि में यह कार्यक्रम रखा जा सकता है, जिसमें 5 से 7 हजार कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। इसके लिए सूची भी तैयार की जा रही है। यह कार्यक्रम इंदौर में रखने जाने की तैयारी है, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के भी आने की भी संभावना है। कहा जा रहा है कि यह इंदौर कांग्रेस के लिए जोर का झटका साबित होगा।

Share:

Next Post

पटवारी और उमंग के बीच तनातनी, दूरियां बनीं

Sat Apr 6 , 2024
टिकट बंटवारे को लेकर दोनों नेताओं के बीच मतभेद की खबरें इंदौर। एक सप्ताह पहले जिस तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी (State Congress President Jitu Patwari) और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (Leader of Opposition Umang Singhar) की राजनीतिक केमेस्ट्री देखी जा रही थी, वह अब नहीं दिखाई दे रही है। दोनों के बीच टिकट […]