भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सीएम की ज्यादातर सभाएं गांवों में, नाथ की नगरीय क्षेत्र में

  • भाजपा की निगाहें ग्रामीण मतदाताओं पर, कांग्रेस शहरी वोटर को रिझा रही

भोपाल। प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हो रहे सरकार बचाने और सरकार बनाने वाले उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख पार्टियां अलग-अलग रणनीति बनाकर काम कर रही हैं। भाजपा को विश्वास है कि शहरी मतदाता का झुकाव उसकी ओर रहता है, इसलिए पार्टी की निगाहें ग्रामीण मतदाताओं पर हैं। इसी हिसाब से बड़े नेताओं की सभाएं तय की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अब तक ज्यादातर सभाएं या बैठकें विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण अंचल में ली हैं। इसके विपरीत कांग्रेस की नजर शहरी और नगरीय वोटर पर है। पार्टी का मानना है कि ग्रामीण अंचल से उसे अच्छा खासा वोट मिलता है लेकिन शहर में वह पीछे रह जाती है। यही कारण है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की ज्यादातर सभाएं विधानसभा मुख्यालयों पर आयोजित की जा रही हैं।

गूंज रहे नेताओं के बिगड़े बोल
उपचुनाव में विकास के मुद्दे तो पीछे छूट गए हैं और नेताओं के बिगड़े बोल ही गूंज रहे हैं। भाजपा व कांग्रेस के नेता एक दूसरे को अपना दुश्मन समझकर उनके बारे में अभद्र भाषा का उपयोग कर रहे हैं। अब हर जगह केवल यही चर्चा हो रही है कि किस नेता ने किस के बारे में क्या बोला है। उपचुनाव की शुरुआत गद्दार, टिकाऊ-बिकाऊ, भ्रष्टाचारी व दलाल जैसे शब्दों से हुई थी। चुनाव के मध्यकाल में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को नंगा-भूखा बोलकर भाजपा को चुनाव को आगे बढ़ाने का मुद्दा दे दिया था। भाजपा सुनियोजित तरीके से कमल नाथ को प्रदेश के सेठ की संज्ञा देकर कांग्रेस पर पलटवार कर रही थी। अब कमल नाथ ने प्रदेश की कैबिनेट मंत्री इमरती देवी के संबंध में अपमानजनक शब्द उन्हीं के क्षेत्र में बोलकर भाजपा को निर्णायक मोड़ पर पहुंचाने के लिए एक बड़ा हथियार दे दिया है। हालांकि कमल नाथ सफाई दे चुके हैं। उन्होंने इमरती देवी के संबंध में जो शब्द बोला है, उसका अर्थ वह नहीं था, जो भाजपा निकाल रही है।

उपचुनाव के बिगड़े बोल

  • कांग्रेस ज्योतिरादित्य सिंधिया व उनके साथ आए लोगों को गद्दार की संज्ञा दे रही है।
  • मुख्यमंत्री ने कमल नाथ को मिस्टर पंद्रह परसेंट नया नाम दिया।
  • कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को भूखा- नंगा कहा
  • सीएम को नंगा भूखा बताने पर वीडी शर्मा अपने भाषणों में कमल नाथ सेठ का संबोधन दे रहे हैं।
  • कांग्रेस की सभाओं में पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम से पहले श्रीमंत लगता था, अब उन्हें कांग्रेस श्रीअंत के नाम से संबोधित कर रही है।
  • कमल नाथ ने वल्लभ भवन को बना दिया भ्रष्टाचारी का अड्डा।
  • अजय सिंह ने इमरती देवी को जलेबी की संज्ञा दे दी।
  • कांग्रेस टिकाऊ-बिकाओं के नारे पहले से लगा रही है।
Share:

Next Post

कमलनाथ के आइटम वाले बयान पर बोले राहुल गांधी-मुझे ऐसी भाषा पसंद नहीं

Tue Oct 20 , 2020
वायनाड़। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड की यात्रा पर हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर असहमति जताई। राहुल ने कहा कि कोई भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकता है। मध्य प्रदेश […]