img-fluid

MP: ‘CID केस में फंस जाओगे’ कहकर बुजुर्ग को डराया, हजारों के जेवर लेकर,आरोपी फरार

September 23, 2026

मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ नगर से ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां खुद को सीआईडी (CID) पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने कार्रवाई और जुर्माने का डर दिखाकर पहले बुजुर्ग को झांसे में लिया, फिर असली जेवर उतरवाकर पुड़िया में नकली जेवर थमा दिए और फरार हो गए। ठगे गए जेवरों की कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

जुर्माने का खौफ दिखाकर रची साजिश

घटना राजगढ़ में मेन रोड नरटोडी की है। पीड़ित सरदार सिंह सोलंकी पिता मोहन सिंह सोलंकी बस स्टैंड से फूलमाला लेकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और खुद को सीआईडी का अधिकारी बताया। बुजुर्ग को यकीन दिलाने के लिए उन्होंने मोबाइल में पुलिस की वर्दी पहने अपनी तस्वीरें भी दिखाईं। बदमाशों ने बुजुर्ग से कहा कि खुलेआम जेवर पहनकर घूमने वालों पर पुलिस 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा रही है।

नाटकीय अंदाज में दिया झांसा

बातचीत के दौरान ही योजना के तहत उनका एक अन्य साथी बाइक से वहां पहुंचा। उसने नाटक करते हुए तुरंत अपने गले की चेन उतारी और दोनों फर्जी पुलिसकर्मियों को सौंप दी। यह देखकर सरदार सिंह को पूरा भरोसा हो गया कि सामने खड़े लोग सचमुच पुलिसकर्मी हैं। इसके बाद बदमाशों के कहने पर बुजुर्ग ने भी अपने गले की सोने की चेन और अंगूठी उतारकर उन्हें दे दी।

पुड़िया बदलकर फरार हुए बदमाश

आरोपियों ने असली जेवर पुड़िया में रखने का ढोंग किया और हाथ की सफाई दिखाते हुए वही पुड़िया बुजुर्ग को थमा दी, जिसमें उनके साथी की दी हुई नकली चेन और अंगूठी पहले से रखी थी। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से रफूचक्कर हो गए। घर पहुंचकर जब बुजुर्ग ने पुड़िया खोली, तो उसमें सोने जैसे दिखने वाले नकली जेवर मिले। खुद के साथ हुई ठगी का अहसास होते ही वे सीधे राजगढ़ थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया।

CCTV खंगाल रही पुलिस

राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि यह गिरोह खास तौर पर बुजुर्गों को निशाना बनाता है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे कुख्यात ‘ईरानी गैंग’ का हाथ हो सकता है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें आरोपियों की बाइक का नंबर ट्रेस हो गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की अपील- किसी के झांसे में न आएं

थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने नागरिकों से अपील की है कि पुलिस, सीआईडी या किसी अन्य जांच एजेंसी का कोई भी अधिकारी रास्ते में जेवर उतारने या जांच के नाम पर आभूषण सौंपने को नहीं कहता। यदि कोई व्यक्ति खुद को अधिकारी बताकर ऐसा दबाव बनाए, तो तुरंत सतर्क हों और नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। विशेष रूप से बुजुर्ग अनजान लोगों की बातों में न आएं।

Share:

  • MP: थाने में कपल की पिटाई का आरोप: 4 पुलिसकर्मियों पर FIR, 49 लोगों की शिकायत के बाद एक्शन

    Wed Sep 23 , 2026
      मध्यप्रदेश के बालाघाट में एक महिला एवं उसके पति के साथ दुर्व्यवहार, अवैध हिरासत और सूर्यास्त के बाद महिला की गिरफ्तारी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. डीएसपी प्रतिष्ठा राठौर के नेतृत्व में गठित विशेष जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद किरनापुर थाने के चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved