img-fluid

MP: राहुल के बालाघाट दौरे पर कैलाश विजयवर्गीय का तंज; बोले- ‘वे घूमने के लिए कभी थाईलैंड तो कभी एकांतवास जाते हैं!’

September 29, 2026

मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री तथा धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंगलवार को धार प्रवास पर पहुंचे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर तीखा राजनीतिक तंज कसा।

‘राहुल गांधी के घूमने पर मैं क्या प्रतिक्रिया दूं?’

राहुल गांधी के दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर चुटकी लेते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष कभी भी, कहीं भी और किसी भी जगह घूम सकते हैं, मैं उस पर क्या प्रतिक्रिया दूं? ऐसा है कि वे घूमने के लिए कभी एकांतवास में चले जाते हैं, तो कभी थाईलैंड चले जाते हैं। वे राहुल गांधी हैं, उनके ऊपर मैं क्या टिप्पणी करूं।”

धार मास्टर प्लान पर बोले: ‘यह सिर्फ ड्राफ्ट है, आपत्तियों के बाद बदलेंगे’

धार शहर के प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर उठ रहे सवालों और आपत्तियों पर प्रभारी मंत्री ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो सामने आया है, वह केवल मास्टर प्लान का एक प्रारंभिक ड्राफ्ट है, कोई अंतिम फैसला नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस ड्राफ्ट पर जो भी आपत्तियां और सुझाव आएंगे, सभी जनप्रतिनिधि मिलकर उस पर विचार करेंगे और जनता के हित में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

संगठनात्मक बैठक और कलेक्ट्रेट में समीक्षा

भोपाल में होने वाली आगामी बैठक पर विजयवर्गीय ने कहा कि वह पूरी तरह से संगठन की आंतरिक बैठक है और पार्टी की रणनीतियां पहले से सार्वजनिक नहीं की जातीं। इसके बाद प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले के विकास कार्यों का जायजा लिया।

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved