
उज्जैन। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के उज्जैन जिले (Ujjain district) के महिदपुर (Mahidpur) में शिप्रा नदी (Shipra River) में डूबने से काका-भतीजे (Uncle and Nephew) की मौत हो गई। नदी में गिरी चप्पल निकालने के दौरान यह हादसा हुआ है। पुलिस ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले।
महिदपुर नगर स्थित शिप्रा नदी के बड़े पुल पर शुक्रवार को नारायणखेड़ी निवासी आयुष (14) पानी सप्लाई का काम करता था। उसकी चप्पल अचानक नदी किनारे गिर गई। चप्पल निकालने के लिए वह नदी में उतरा, लेकिन गहराई में जाने से डूबने लगा।
आयुष को पानी में डूबता देख पास में मौजूद उसके काका आसाराम (25) ने बिना समय गंवाए अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि नदी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में समा गए।
सूचना मिलते ही महिदपुर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। हादसे से पूरे नारायणखेड़ी गांव में शोक का माहौल है। मृतक आसाराम की शादी महज एक माह पहले ही हुई थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महिदपुर के शासकीय अस्पताल भेज दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved