भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

खेतों के नए सिरे से नक्शे बनाए जाएंगे

  • पटवारी मौके पर जाकर तैयार करेंगे नक्शा, कब्जे की स्थिति भी होगी स्पष्ट

भोपाल। प्रदेश में खेतों से जुड़े भूमि के विवाद खत्म करने के लिए नए सिरे से नक्शे बनाए जाएंगे। सबसे पहले उन गांवों का चयन किया जाएगा, जिनके नक्शे ही नहीं हैं। इसके बाद उन गांवों को लिया जाएगा, जहां कोई विवाद नहीं है। यह पूरा काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। इसमें किसी बाहरी एजेंसी की अब मदद नहीं ली जाएगी। यह काम राजस्व विभाग के पटवारी करेंगे। इसके लिए उन्हें अलग से प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर छिंदवाड़ा और इंदौर में महू के दो-दो पटवारी हलकों से नक्शे बनाने की शुरुआत की गई है। पटवारी मौके पर जाकर नक्शे बनाएंगे। इससे विवाद की गुंजाइश खत्म होगी और कब्जे को लेकर स्थिति भी साफ हो जाएगी।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ 49 लाख खातेदार हैं और खसरे साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा हैं। विवाद निजी भूमि को लेकर आए दिन आते हैं। इन्हें सुलझाने में काफी परेशानी होती है क्योंकि नक्शे काफी पुराने हो चुके हैं। इसकी वजह से सीमा को लेकर झंझट होती है और जो नक्शे मौजूद भी हैं, उनमें काफी त्रुटियां हैं। इसे देखते हुए नए सिरे से जीआइएस तकनीकी से नक्शे बनाने का निर्णय सरकार ने लिया है। इसके तहत मप्र की सूचना प्रौद्योगिकी प्रोत्साहन संस्था पटवारियों का तकनीकी सहयोग करेगी। सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूरा काम होगा। पटवारी को मैदानी स्तर पर सैटेलाइट के माध्यम से तैयार नक्शे दिए जाएंगे। इसके आधार पर वे मौका मुआयना करेंगे। वास्तविक स्थिति के आधार पर संशोधन होगा और ग्रामीणों से दावे-आपत्ति लिए जाएंगे। इनका निराकरण करके नक्शे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वहीं, खसरे में भी जरूरी संशोधन कर दिए जाएंगे। कब्जे को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रमाणपत्र जारी हो जाएगा। इससे भूमि की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता बढ़ेगी और बाद में होने वाले विवाद भी नहीं होंगे।

पटवारी को मिलेंगे दो हजार रुपए
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस काम को अंजाम देने के लिए पटवारियों को अलग से राशि दी जाएगी। दो हजार रूपए प्रति वर्ग किलोमीटर के हिसाब से दिए जाएंगे। वहीं, सात हजार रुपए अलग से कागज आदि प्रशासनिक व्यय के लिए मिलेगा। इसके लिए पटवारी को बिल देना होगा।

चरणबद्ध तरीके से होगा काम
आयुक्त भू-अभिलेख ज्ञानेश्वर पाटिल ने बताया कि सतना, नीमच सहित कुछ जिलों में नक्शेविहीन गांव हैं तो कुछ जगहों पर नक्शों को लेकर विवाद है। भूमि रिकॉर्ड में किसी के नाम पर है और मौके पर कब्जा किसी और का है। सीमा को लेकर भी विवाद की स्थिति बनती रहती है। इसे देखते हुए सरकार ने नए सिरे से नक्शे बनाने का निर्णय लिया है। अभी पायलट प्रोजेक्ट किया जा रहा है। धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाया जाएगा।

Share:

Next Post

दो पति छोड़ चुकी महिला को तीसरी शादी का झांसा देकर किया बलात्कार

Sat May 29 , 2021
आरोपी ने पांच साल तक बनाए संबंध अब विवाह करने से किया इनकार भोपाल। गौतम नगर (Gautam Nagar) इलाके में रहने वाली महिला दो शादी करने के बाद पतियों से अलग हो चुकी थी। उसको युवक ने प्रेम जाल में फांसा और तीसरे पति के रूप में शादी करने का झांसा दिया। करीब पांच साल […]