इंदौर न्यूज़ (Indore News)

अब दाल खाना भी महंगा, डेढ़ सौ रुपए किलो तक पहुंचे दाम

  • पिछले एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहे हैं दाम, दूसरी दालों में भी बढ़ोतरी

इंदौर। दाल रोटी खाओ…प्रभु के गुण गाओ। हम तो भिया दाल-रोटी ही खाते हैं, जैसे जुमले और कहावतें भी बीते दौर की बातें लग रही है, क्योंकि अब दाल पतली हो रही है। महाराष्ट्र में तुअर दाल कम होने से इसके दाम लगातार बढ़ रहे हैं और दाल की मात्रा थाली से कम होते जा रही है। इंदौर में तुअर दाल के दाम 140 रुपए से लेकर डेढ़ सौ रुपए तक पहुंच गए हैं, जिसके और बढऩे की संभावना जताई गई है।

थोक बाजार में दालों के दाम शुरू से ही तेज चल रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक तुअर दाल के दाम जनवरी में 100 रुपए से नीचे होते थे, लेकिन इस बार दाम ही 115 रुपए प्रति किलो के आसपास खुले हैं। इसके बाद लगातार वृद्धि होती जा रही है। थोक बाजार में वर्तमान में तुअर दाल के दाम 125 रुपए किलो के आसपास है।


दाल व्यापारी महेन्द्र राणा के मुताबिक इंदौर में महाराष्ट्र से तुअर दाल की आवक होती है, लेकिन इस बार वहां विभिन्न कारणों से फसल कम होने के कारण दाल की आवक प्रभावित हो रही है। इस कारण दाल के दाम बढ़ गए हैं। दूसरी ओर थोक में दाल के भाव भले ही सवा सौ रुपए प्रति किलो के आसपास है, लेकिन खेरची में आते-आते दाल एक सौ चालीस रुपए से लेकर डेढ़ सौ रुपए तक पहुंच गई है। कई जगह पैक्ड दाल डेढ़ सौ रुपए में मिल रही है। व्यापारी भी मान रहे हैं कि अगर ऐसा ही रहा तो दाल के दाम लगातार बढ़ेंगे। इसके साथ ही मूंग दाल का थोक भाव 100 रुपए प्रतिकिलो है तो मसूर दाल 75 रुपए के आसपास है। वहीं वर्तमान में सबसे सस्ती चना दाल है, जिसके थोक बाजार में दाम 65 रुपए है।

Share:

Next Post

Interest Rates: ब्याज दरें बढ़ाने में भारत दुनिया में छठे स्थान पर, तय दायरे से ऊपर है महंगाई

Thu Mar 30 , 2023
नई दिल्ली। दुनिया के शीर्ष देशों में ब्याज दरों को बढ़ाने के मामले में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) छठे स्थान पर है। अमेरिका पहले स्थान पर है। पिछले साल से महंगाई पर लगाम लगाने के लिए केंद्रीय बैकों ने दरें बढ़ाने का तरीका अपनाया था। इसके बावजूद ज्यादातर देशों में महंगाई अभी भी उनके तय […]