इंदौर न्यूज़ (Indore News)

धड़ाम से गिरा पैरामोटर, मचा हडक़म्प, राहुल से तेज प्रियंका की चाल

भारत जोड़ो यात्रा के लोगो लगे दो पैरामोटर उड़ाए जा रहे थे, एक गिरा तो दूसरा भी पुलिस ने बंद करवाया, आज रात मोरटक्का में रूकेंगे राहुल

इंदौर। प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा तीसरे दिन आज सुबह खरगोन के खेरदा गांव से शुरू हुई और शाम को ओंकारेश्वर दर्शन होगा। 23 किलोमीटर चलने के बाद आज रात विश्राम खंडवा के मोरटक्का में होना है। वहीं यात्रा के लोगों के साथ उड़ाए जा रहे दो पैरामोटर में से एक अचानक गिर गया, जिससे थोड़ी देर के लिए हडक़म्प की स्थिति बन गई।

सुबह यह पैरामोटर हालांकि खेत में गिरा, लेकिन थोड़ी देर के लिए हलचल मच गई। दरअसल यात्रा के कवरेज और प्रचार-प्रसार के लिए दो पैरामोटर उड़ाए जा रहे हैं, जिसमें वी लव आरजी और भारत जोड़ो यात्रा का लोगो लगा है। पुलिस ने दूसरा पैरामोटर भी नीचे उतरवा दिया। आज सुबह राहुल के साथ उनकी बह प्रियंका, कमलनाथ व अन्य ने सुबह 6 बजे से यात्रा शुरू की और धनगांव में रूककर चाय भी पी। यात्रा के साथ चल रहे जवानों के आराम के लिए लगाए गए पांडाल में थोड़ी देर वे भी सुस्ताए और फिर यात्रा आगे बढ़ी। सनावद में शाम को यात्रा रूकेगी। भानबरड़ में दोपहर के खाने की व्यवस्था की गई, जहां पर विशाल टेंट लगाया गया है और 20 हजार से अधिक लोग खाना खा सकेंगे। रात्रि विश्राम मोरटक्का में रखा गया है। नर्मदा पूजन, ओंकारेश्वर दर्शन का भी कार्यक्रम है और फिर कल सुबह यात्रा मोरटक्का से शुरू होकर बनिहार पहुंचेगी और शाम को फिर उसके महू पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां आम्बेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इंदौर में कांग्रेसी यात्रा की तैयारी में जुटे हैं। प्रियंका एक दिन पहले इंदौर आकर बुरहानपुर पहुंची और वहां से यात्रा में शामिल हुई। उनके पति रॉबर्ट और बेटे रेहान भी उनके साथ आए। 28 नवम्बर को यात्रा का अवकाश भी रखा गया है।


राहुल गांधी से मिलने की होड़ के चलते सुरक्षाकर्मियों से हो रहा है विवाद

जगह-जगह यात्रा को अच्छा समर्थन मिल रहा है और मध्यप्रदेश में भी खासी भीड़ उमड़ रही है, जिसके चलते राहुल ने भी मध्यप्रदेश को ग्रेड-वन दी है। आज सुबह भी राहुल से मिलने के चलते सुरक्षाकर्मियों से विवाद भी हुआ। बेडियावखुर्द में विवाद के बीच थोड़ी धक्कामुक्की भी हुई। आज जयराम रमेश, रागिनी नायक और कन्हैया कुमार मीडिया से चर्चा भी करेंगे। दूसरी तरफ अभी तक राहुल तेज-तेज कदमों से सफर तय करते हैं और बुजुर्गवार कांग्रेसी पीछे छूूट जाते हैं। लेकिन अब उनके साथ चल रही प्रियंका की चाल राहुल से भी तेज है और कई जगह वे आगे निकल जाती हैं तो फिर रूककर राहुल का इंतजार करती हैं।

चिमनबाग में खड़े होंगे 60 कंटेनर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी होगी

राहुल की यात्रा में साथ चल रहे 60 कंटेनरों को भी चिमनबाग मैदान में खड़ा करवाया जाएगा, जिसके लिए मैदान की सफाई चल रही है। युद्ध स्तर पर राहुल की इंदौर यात्रा की तैयारी चल रही है। एक कंटेनर में राहुल रात्रि विश्राम करते हैं। दिग्विजय सिंह द्वारा बनवाया गया थीम सॉन्ग भी यहीं लॉन्च किया जाएगा, जिसके लिए मैदान में विशाल मंच भी बनवाया जा रहा है। महू आज शाम यात्रा पहुंचेगी, जिसके लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई है और एयर बैलून भी छोड़े जाएंगे। आदिवासियों की टीम बुलाई गई है, जो लोक संस्कृति आधारित नृत्य व गान प्रस्तुत करेगी। कल राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भी इंदौर आकर महू रवाना होंगे।

Share:

Next Post

यूक्रेन में अमेरिका बना रहा था बायो वीपंस, लैब चलाने के खुलासे से बढ़ी बाइडेन की मुश्किलें

Fri Nov 25 , 2022
नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को 9 महीने से अधिक समय हो चुका है. अमेरिका इस युद्ध में यूक्रेन को समर्थन दे रहा है. लेकिन इस युद्ध के बीच में एक बड़ी खबर सामने आई है, जिससे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. दरअसल अमेरिकी संस्था ज्यूडिशियल वॉच […]