भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

आंशिक बादल छाए, जल्द हो सकती है मानसून की वापसी

  • वातावरण में नमी बरकरार, बढऩे लगा तापमान।

भोपाल। अति वर्षा से हैरान-परेशान राजधानी के लोग शुरुआत में धूप आने की वजह से खुश थे, लेकिन पिछले तीन-चार दिनो से न के बराबर बारिश हुई है। हालांकि आंशिक बादल अब भी बरकरार हैं, लेकिन दिन में धूप भी खिल रही है। नतीजा यह है कि धूल-गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। फिलहाल कोई भी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे वर्षा हो। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीते चौबीस घंटों के दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन के न्यूनतम तापमान के मुकाबले 0.8 और सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा।



मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ विज्ञानी डा. ममता यादव के अनुसार वर्तमान में कोई भी प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मानसून ट्रफ भी हिमालय में पहुंच गया है। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात भी कमजोर पड़ गया है। इस वजह से प्रदेश में कहीं भी अब भारी वर्षा होने की संभावना नहीं है। हालांकि वातावरण में मौजूद नमी के कारण तापमान बढऩे के कारण कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। डा. यादव ने बताया कि अफगानिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। सुबह के समय अब ओस भी गिरने लगी है। इससे मानसून की वापसी के संकेत भी मिलने लगे हैं।

आद्र्रता बरकरार
वेदर सिस्टम के कमजोर होने और आगे खिसकने की वजह से प्रदेश में भले ही फिलहाल वर्षा का दौर थम गया हो, लेकिन वातावरण में आद्र्रता अब भी 95 प्रतिशत है। इससे कहीं-कहीं रिमझिम फुहारें पड़ रही हैं। भोपाल में शनिवार को आठ मिमी वर्षा भी दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक एक जून से लेकर 28 अगस्त तक प्रदेश में वर्षा का दीर्घावति औसत 24 प्रतिशत अधिक है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 8 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 39 प्रतिशत अधिका वर्षा हुई है।

Share:

Next Post

चार मेडिकल कॉलेजों में बनेगा Critical Care Block

Mon Aug 29 , 2022
मरीजों को मिलेगी बेहतर सेवाएं भोपाल। भोपाल सहित प्रदेश के चार मेडिकल कालेजों में मरीजों की परेशानी को देखते हुए क्रिटिकल केयर ब्लाक तैयार किए जाएंगे। जिससे दुर्घटना में घायल होने वालों को बेहतर और तत्काल उपचार दिया जा सके। क्रिटिकल केयर ब्लाक का निर्माण भोपाल, ग्वालियर, दतिया, विदिशा और में होगा। क्रिटिकल केयर ब्लाक […]