इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर में बिगड़ा लखनऊ जा रहा विमान, यात्रियों ने किया हंगामा

  • – सुधार के बाद चार घंटे देरी से हुआ रवाना, विमान के बिगडऩे से कई उड़ानें हुईं लेट
  • – कल शाम से ही शेड्यूल बिगड़ा, आज सुबह लखनऊ जाने वाली उड़ान भी निरस्त

इंदौर (Indore)। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल (Devi Ahilyabai Holkar International Airport) पर कल लखनऊ जाने के लिए पहुंचे यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, लखनऊ जाने वाले इंडिगो के विमान में इंदौर में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके सुधार में चार घंटे से ज्यादा का समय लग गया, जिससे परेशान यात्री एयरपोर्ट पर हंगामा करने लगे। सुधार के बाद विमान यात्रियों को लेकर रवाना हुआ, लेकिन इसके कारण इस विमान से जुड़ी कई उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया और अन्य उड़ानें भी लेट हुईं। वहीं इसके कारण आज सुबह लखनऊ जाने वाली उड़ान को भी निरस्त कर दिया गया, जिससे आज सुबह भी यात्री परेशान हुए।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शाम 5 बजे शिर्डी से इंदौर आकर 5.30 बजे लखनऊ (6ई-7218) जाती है। कल यह फ्लाइट तय समय पर शिर्डी से इंदौर पहुंची, लेकिन इंदौर आने के बाद लखनऊ जाने से पहले पायलट को विमान में तकनीकी खराबी का आभास हुआ। इस पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और इंडिगो की इंजीनियरिंग टीम को इसकी जानकारी दी। इस पर तुरंत टीम ने विमान की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि विमान के इंजन में कुछ तकनीकी खराबी थी। इस पर तुरंत इसका सुधार शुरू किया गया, लेकिन इसमें काफी समय लग रहा था। इस दौरान इस फ्लाइट में बुकिंग करवा चुके 50 से ज्यादा यात्रियों को एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में ही बैठाए रखा गया था। कल रात को उड़ानों के लेट होने के कारण कंपनी ने आज सुबह 5.25 बजे लखनऊ जाने वाली उड़ान को भी निरस्त कर दिया। दूसरी ओर कल रात को एलाइंस एयर की 10.40 बजे दिल्ली जाने वाली उड़ान भी रात 1 बजे रवाना हुई।


यात्रियों ने हंगामा करते हुए दूसरा विमान मंगवाने की मांग की
दो घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी फ्लाइट न जाने और न ही संतोषजनक जवाब मिलने पर यात्री भडक़ गए और एयरपोर्ट पर एयरलाइंस स्टाफ के साथ बहस करते हुए हंगामा करने लगे। यात्रियों का कहना था कि उन्हें कहा गया था कि विमान एक घंटे देरी से जाएगा, लेकिन दो घंटे बाद भी विमान का सुधार चल रहा है और यह कब तक पूरा होगा यह भी स्पष्ट नहीं बताया जा रहा है। इस पर यात्रियों ने दूसरा विमान बुलवाने की मांग तक की। इस पर एयरलाइंस और एयरपोर्ट के स्टाफ द्वारा उन्हें शांत करते हुए नाश्ते-पानी की व्यवस्था की गई।

एक विमान लेट होने से कई अन्य उड़ानें भी प्रभावित
अधिकारियों ने बताया कि विमान के सुधार में साढ़े तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद यह विमान अपने तय समय से करीब चार घंटे देरी से रात 9.20 बजे इंदौर से यात्रियों को लेकर रवाना हुआ। इस विमान के लेट होने से इससे जुड़ी अन्य उड़ानें भी लेट हुईं। यह विमान रात 9.40 बजे लखनऊ से वापस आता है, लेकिन कल यह रात 1.15 बजे इंदौर आया। वहीं लखनऊ से आकर यह 10 बजे अहमदाबाद जाता है, लेकिन देरी से आने के कारण यह दो बजे अहमदाबाद रवाना हुआ। इन उड़ानों के लेट होने पर इनके यात्रियों ने भी हंगामा किया।

Share:

Next Post

अगले हफ्ते लॉन्च होगी मारुति की नई SUV! इतनी हो सकती है कीमत

Mon Apr 10 , 2023
नई दिल्ली: Maruti Fronx को ऑटो एक्सपो 2023 में पेश किया गया था. तब से इस SUV के लॉन्च का इंतजार किया जा रहा है. मारुति सुजुकी की ये नई कार टाटा पंच और हुंडई की अपकमिंग माइक्रो SUV को टक्कर देगी. भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने से पहले ही फ्रोंक्स के बारे में […]