नई दिल्ली । दिल्ली के ग्रेटर कैलाश(Greater Kailash, Delhi) में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(Former Chief Minister of Delhi Arvind Kejriwal) की पदयात्रा में शनिवार को हुए बवाल के बाद राजधानी में सियासी उबाल(Political uproar in the capital) आ गया। भाजपा ने कहा कि चुनाव आते ही ऐसी घटनाएं केजरीवाल के साथ ही क्यों होती हैं। इसके बाद पूरी आम आदमी पार्टी विपक्ष पर हमलावर हो गई। मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि हमला करने वाला भाजपा कार्यकर्ता है।
केजरीवाल पर एक युवक द्वारा पानी फेंके जाने पर दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने निशाना साधा है। भाजपा नेता ने कहा है कि केजरीवाल पर पानी फेंके जाने की घटना नई बोतल में पुरानी शराब जैसी है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव होते रहते हैं। सभी तरह के नेता चुनाव प्रचार मे जाते हैं, लेकिन ऐसी अटपटी घटनाएं हर विधानसभा चुनाव में केवल अरविंद केजरीवाल के साथ ही होती हैं।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दिल्ली भाजपा हर तरह के हिंसात्मक विरोध की निंदा करती है। लेकिन उनके अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पहले ही कहा था कि केजरीवाल अब हताश हो चुके हैं और खुद पर हमला करवाकर तमाशा करेंगे और आज वह सत्य हो गया।
हमला करने वाला भाजपा कार्यकर्ता निकला : आतिशी
अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा पर हमला किया। मुख्यमंत्री आतिशी ने ‘एक्स’ पर कहा कि हमला करने वाला अशोक भाजपा का कार्यकर्ता है।
आतिशी ने उसकी सदस्यता से संबंधित फोटो भी पोस्ट किया है, जिसमें उसका नाम एवं सदस्यता नंबर लिखा हुआ है। सीएम ने कहा कि इस बार भाजपा को जनता दिल्ली में सबक सिखाएगी और उनकी आठ सीटें भी वापस नहीं आएंगी।
आज दिन दहाड़े भाजपा के कार्यकर्ता ने @ArvindKejriwal जी पर हमला किया। दिल्ली का चुनाव तीसरी बार हारने की बौखलाहट भाजपा में दिख रही है।
भाजपा वालों: दिल्ली के लोग ऐसी घटिया हरकतों का बदला लेंगे। पिछली बार 8 सीटें आयीं थी, इस बार दिल्ली वाले भाजपा को ज़ीरो सीट देंगे pic.twitter.com/LgJGN1aQ0T
— Atishi (@AtishiAAP) November 30, 2024
वहीं, पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें रोकने से केंद्र सरकार को कुछ हासिल नहीं होगा। केंद्र को दिल्ली का अपराध रोकना चाहिए। उन्हें रोकने से क्या दिल्ली में खुलेआम गोलियां चलनी बंद हो जाएंगी? क्या महिलाएं और दिल्ली के व्यापारी सुरक्षित हो जाएंगे?
केजरीवाल पर पानी फेंकने की कोशिश करने वाले आरोपी पकड़ा
न्यूज एजेंसी वार्ता के अनुसार, अरविंद केजरीवाल पर शनिवार को राजधानी के मालवीय नगर इलाके में पदयात्रा के दौरान कथित तौर पर पानी फेंकने की कोशिश को नाकाम कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत प्रयास को नाकाम कर दिया और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान खानपुर डिपो में कार्यरत बस मार्शल अशोक झा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ‘आप’ सदस्यों ने बिना अनुमति के इलाके में पदयात्रा का आयोजन किया था। पदयात्रा सावित्री नगर चौपाल से शुरू हुई और उसी इलाके में मेघना मोटर्स पर समाप्त हुई। पुलिस ने एक बयान में कहा कि अरविंद केजरीवाल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सादे कपड़ों में तथा रस्सी दलों के साथ-साथ वर्दी में भी पुलिस की समुचित तैनाती की गई थी।
पुलिस ने बताया, ”शाम करीब 5:50 बजे जब अरविंद केजरीवाल अपने समर्थकों से हाथ मिला रहे थे तब अशोक झा ने उन पर पानी फेंकने का प्रयास किया। हालांकि नजदीक ही तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।” मालवीय नगर पुलिस थाने के उपनिरीक्षक संदीप ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस कृत्य के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए व्यक्ति से आगे की जांच की जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved