
जबलपुर। मध्यप्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में करीब नौ साल के अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव कराने की कवायद तेज हो गई है। चुनाव को लेकर प्रस्तावित व्यवस्था और नियमों का खाका तैयार किया जा रहा है। मौजूदा योजना के अनुसार चुनाव की शुरुआत कक्षा स्तर से होगी। विद्यार्थी मतदान के माध्यम से कक्षा प्रतिनिधि (सीआर) चुनेंगे और इसके बाद यही प्रतिनिधि कॉलेज अध्यक्ष सहित विश्वविद्यालय स्तर के पदाधिकारियों के निर्वाचन में भाग लेंगे। चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा गठित छह सदस्यीय समिति की बैठक हो चुकी है। समिति ने छात्र संगठनों और शिक्षण संस्थानों से मिले सुझावों पर भी चर्चा की है। अब समिति अपनी अनुशंसाओं को रिपोर्ट के रूप में उच्च शिक्षा विभाग को सौंपेगी।
परीक्षा कार्यक्रम के आधार पर तय होगी चुनाव की तारीख
छात्रसंघ चुनाव की तारीख निर्धारित करने से पहले प्रदेश के विश्वविद्यालयों में होने वाली परीक्षाओं की स्थिति का आंकलन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों से आगामी परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मांगी गई है।
25 सितम्बर तक रिपोर्ट देने की समय-सीमा तय
छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया, नियम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर गठित छह सदस्यीय समिति को 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इसकी निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर को पूरी होगी। समिति में शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
छात्र संगठनों से भी लिए गए सुझाव
चुनाव व्यवस्था तैयार करने से पहले छात्र संगठनों और महाविद्यालयों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। समिति ने इन सुझावों के आधार पर विद्यार्थियों की भागीदारी, चुनाव के विभिन्न चरणों और पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पर विचार किया है।
प्रक्रिया चल रही है
छात्रसंघ चुनाव के संबंध में पिछले दिनों बैठक हुई थी। इसमें छात्र संगठनों और शिक्षण संस्थानों की ओर से मिले सुझावों पर चर्चा की गई है। फिलहाल प्रक्रिया चल रही है और विश्वविद्यालयों से परीक्षाओं की स्थिति की जानकारी मांगी गई है, ताकि चुनाव संबंधी प्रक्रिया को सुचारू रूप से कराया जा सके।
-प्रो. अलकेश चतुर्वेदी, क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, जबलपुर संभाग
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved