इंदौर न्यूज़ (Indore News)

आज 23 किलोमीटर पैदल चलेंगे राहुल, ढाबे पर चाय तो गुरुद्वारे में खाना

  • प्रियंका-रॉबर्ट भी सुबह यात्रा में हुए शामिल, सचिन-कन्हैया सहित बड़ी संख्या में जनता भी जुटी, कमलनाथ के भी बढ़ गए नंबर

इंदौर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई और उनके साथ प्रियंका, रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए। सचिन पायलट, कन्हैय कुमार भी यात्रा में चल रहे हैं। आज टंट्या भील की जन्मस्थली भी राहुल पहुंचेंगे। रूस्तमपुर गांव के एक ढाबे पर चाय पीने के बाद डूल्हार के गुरुद्वारे में दोपहर का खाना खाएंगे।

आज मध्यप्रदेश में दूसरे दिन की यात्रा लगभग 65 किलोमीटर की होगी। मगर इसमें से 23 किलोमीटर राहुल पैदल चलेंगे और शेष यात्रा वाहन के जरिए की जाएगी। दरअसल टंट्या भील जन्मस्थली जाने के लिए भी राहुल वाहन का इस्तेमाल करेंगे। कल दोपहर इंदौर आकर प्रियंका और रॉबर्ट आज सुबह राहुल के साथ यात्रा में शामिल हुए। पिछलेे दिनों सोनिया गांधी भी एक दिन के लिए यात्रा में शामिल हुई थीं। इंदौर एयरपोर्ट से प्रियंका कार से बुरहानपुर के झिरी पहुंची और फिर सुबह यात्रा में शामिल हुईं। 11 किलोमीटर चलकर यह यात्रा रूस्तमपुर और फिर दुल्हारफाटा पहुंचेगी, जहां दोपहर भोजन के बाद फिर यात्रा शुरू होगी और 12 किलोमीटर पश्चात छैगांव माखन पहुंचेगी, जहां राहुल एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे और फिर वहीं पर आज की पैदल यात्रा समाप्त होगी और रात्रि विश्राम भी इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर होगा।


अभी महाराष्ट्र में राहुल की यात्रा में अच्छी भीड़ जुटी, मगर अभी मध्यप्रदेश में पहले ही दिन उससे अधिक संख्या में लोग पहुंचे और राहुल ने यह बात भी अपनी सभा में स्वीकार की। नतीजतन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और अध्यक्ष कमलनाथ के नम्बर भी बढ़ गए और कांग्रेसियों का यह अनुमान है कि राहुल की इस यात्रा से विधानसभा चुनाव में भी फायदा मिलेगा। बेरोजगारी, महंगाई सहित अन्य मुद्दे राहुल उठा रहे हैं। राहुल 27 को इंदौर के चिमनबाग में रात्रि विश्राम करेंगे और उनकी राजवाड़ा पर नुक्कड़ सभा की भी तैयारी की जा रही है।

इंदौर आकर महू और फिर अगले दिन बड़ौदा जाएंगे खडग़े
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भी इंदौर आ रहे हैं। 26 नवम्बर को वे शाम 4 बजे दिल्ली से रवाना होकर साढ़े 5 बजे इंदौर पहुंचेंगे और फिर 15 मिनट बाद बाय रोड महू के लिए रवाना हो जाएंगे। बाबा साहेब आम्बेडकर स्मारक भी वे पहुंचेंगे और फिर राहुल की होने वाली सभा में भी शामिल होंगे। रात को महू से इंदौर आकर विश्राम करेंगे और फिर अगले दिन 27 नवम्बर रविवार को सवा 12 बजे विशेष विमान के जरिए श्री खडग़े बड़ौदा के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां गुजरात चुनाव के चल रहे प्रचार-प्रसार में वे शामिल होंगे। यह भी प्रयास किए जा रहे हैं कि श्री खडग़े की मीडिया से भी चर्चा कराई जाए। इसके लिए महू या फिर इंदौर में व्यवस्था की जा रही है। अध्यक्ष बनने के बाद श्री खडग़े की यह पहली इंदौर यात्रा रहेगी।

पटेल पुत्र के साथ समय बिताया प्रियंका पुत्र रेहान ने
कल दोपहर प्रियंका अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ इंदौर पहुंची, मगर उनके पुत्र रेहान सुबह ही इंदौर आ गए थे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इंदौर के सत्यनारायण पटेल इन दिनों प्रियंका के साथ ही काम कर रहे हैं। लिहाजा उनके बेटे विनोद के साथ रेहान ने समय बिताया। इंदौर एयरपोर्ट पर भी विनोद ने ही रेहान को रिसीव किया और फिर एक निजी होटल में उन्हें ठहराया और फिर जब दोपहर को प्रियंका और रॉबर्ट इंदौर पहुंचे तब रेहान उनके साथ बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए। दूसरी तरफ प्रियंका के साथ आए उनके पति रॉबर्ट ने बाबा महाकाल के नाम वाली टीशर्ट और उसके ऊपर जैकेट पहन रखी थी। वहीं दिग्विजय सिंह द्वारा तैयार करवाए गए गीत को भी इंदौर में लॉन्च करवाया जाएगा, जिसका उल्लेख पिछले दिनों अग्निबाण ने किया भी था।

Share:

Next Post

फर्जी नक्शों के मामले में 50 कंसल्टेन्ट को नोटिस, 24 घंटे में निगम ने मांगा जवाब

Thu Nov 24 , 2022
उपयंत्रियों की लापरवाही सामने आई, कैसे बिना पेपर वेरिफिकेशन कंसोल के फाइल आगे बढ़ा दी इंदौर। नगर निगम में फर्जी तरीके से नक्शे पास कराने के मामले में 50 से ज्यादा कंसल्टेन्ट को निगम ने नोटिस थमाकर 24 घंटे में जवाब मांगा है। कई कंसल्टेन्ट के यहां से गलत आईडी के आधार पर नक्शे स्वीकृति […]