
जयपुर. जयपुर (Jaipur) में मुख्यमंत्री (CM) भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) के काफिले (Convoy) को निकालने के लिए रोके गए वाहनों की कतार में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस घुस गई. सीकर रोड पर हरमाड़ा इलाके में हुए इस भीषण हादसे में बस ने पीछे से एक के बाद एक 8 कारों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई गाड़ियां बुरी तरह पिचक गईं, जबकि एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई. मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए लेकिन पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया.
जानकारी के अनुसार सीकर रोड स्थित सनसिटी के पास शाम करीब 6:15 बजे मुख्यमंत्री के काफिले को सुरक्षित निकालने के लिए यातायात रोका गया था. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी. इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी कंपनी की स्लीपर बस तेज रफ्तार में पीछे से आकर खड़े वाहनों में जा घुसी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि टक्कर के बाद कई वाहन आगे तक घिसट गए. हादसे के बाद कई लोग अपनी कारों में फंस गए. हरमाड़ा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे 6 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.
इस वजह से हुआ हादसा
वहीं एक टैक्सी कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था. कार में फंसे महिला और एक युवक को निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने पीछे का गेट लात मारकर तोड़ा. घायल युवक सीटों के बीच बुरी तरह दब गया था और उसके सिर में गंभीर चोट आई. पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत उठाकर निजी अस्पताल पहुंचाया. हादसे में घायल सांगानेर के रामपुरा निवासी अमन जैन अपनी पत्नी प्रियांशी जैन, सास रेखा जैन और चाचा ससुर राजेश के साथ खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद चारों को सीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया. रेखा जैन और प्रियांशी का सिटी स्कैन कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अमन जैन को बाद में एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसा बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ. निजी स्लीपर बस अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए निकली थी और वहां से हरिद्वार जाने वाली थी. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है. वहीं बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया. गनीमत यह रही कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का काफिला हादसे से कुछ मिनट पहले ही घटनास्थल से निकल चुका था. इस हादसे के बाद सीकर रोड पर लंबा जाम लग गया और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved