
नई दिल्ली। विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम (Khatushyamji Dham) में बाबा श्याम के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं (Devotees) की भारी भीड़ का सीधा असर उत्तर पश्चिम रेलवे (North Western Railway) की आय (Income) पर पड़ा है। निर्जला एकादशी और द्वादशी के मुख्य मेले के साथ वीकेंड पर आए जबरदस्त रश के चलते रींगस रेलवे स्टेशन ने महज तीन दिनों में रिकॉर्ड तोड़ कमाई दर्ज की है।
रेलवे के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में करीब 1.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रेल यात्रा की, जिससे रींगस स्टेशन को लगभग ₹1.25 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।
ट्रेनों में भारी भीड़, व्यवस्था पर लगातार निगरानी
रींगस स्टेशन अधीक्षक बाबूलाल बाजिया के अनुसार, बाबा श्याम के दर्शन के लिए आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या इतनी अधिक रही कि कई ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। रविवार की छुट्टी के चलते भीड़ और बढ़ गई, जिससे राजस्व में आगे और इजाफे की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा के लिए 160 जवान तैनात
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई मुकेश कुमार सैनी के अनुसार स्टेशन पर 100 आरपीएफ और 60 जीआरपी जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला कर्मियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। कई स्वयंसेवक भी व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं।
जयपुर मंडल के सीनियर डीसीएम जगदीश कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम लगातार मौके पर कैंप कर रही है। गर्मी और लू से बचाव के लिए यात्रियों के लिए विशेष शेड और विश्राम स्थल बनाए गए हैं।
भीड़ प्रबंधन के लिए खास व्यवस्था
स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए आने और जाने के लिए अलग-अलग एंट्री और एग्जिट मार्ग तय किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 21 टिकट काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 12 मैनुअल काउंटर और 9 एटीवीएम मशीनें शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था वीकेंड रश खत्म होने तक जारी रहेगी।
खाटूश्यामजी का मुख्य प्रवेश द्वार बना रींगस
फिलहाल खाटूश्यामजी कस्बे में कोई रेलवे स्टेशन नहीं है, ऐसे में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रींगस जंक्शन ही प्रमुख पड़ाव है। यहां से खाटूधाम की दूरी लगभग 17 किलोमीटर है, जिसे भक्त सड़क मार्ग, ई-रिक्शा या पैदल यात्रा के जरिए पूरा करते हैं।
नए स्टेशन की योजना से मिलेगी राहत
भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खाटूश्यामजी के पास सुंदपुरा गांव में नया रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की है, जो मंदिर से लगभग 11 किलोमीटर दूर होगा। इसके बनने के बाद श्रद्धालुओं को वैकल्पिक रेलवे स्टेशन मिल सकेगा और रींगस पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved