
oplus_34
- बस में 20 से ज्यादा बच्चे थे सवार, पहिया धंसा तो खबराए, लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला
उज्जैन। सोमवार दोपहर देवास रोड स्थित साईं विहार कॉलोनी में बच्चों से भरी हुई स्कूल बस सीवरेज के गड्ढे में फंस गई। पहिया धंसने के कारण बस एक ओर झुक गई, जिसके कारण बच्चे घबरा गए। लोगों ने जैसे तैसे बच्चों को बाहर निकाला। जिसके बाद जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया।
लोगों ने बताया कि देवास रोड स्थित साईं विहार कॉलोनी में हाल ही में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य किया गया हैं, लेकिन सीवरेज लाइन डालने के कई दिनों बाद भी मार्ग में कई जगह पक्की दुरुस्ती नहीं की गई। जिसमें वाहनों के चक्के फंस रहे हैं, वहीं बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। हाल यह है कि थोड़ी सी वर्षा में राहगीरों को आवागमन करना मुश्किल हो गया हैं। रहवासी सोनू ने बताया कि इसको लेकर उन्होंने गत दिनों संबंधित अधिकारियों को शिकायत की थी, लेकिन सीवरेज निर्माण कंपनी के अधिकारी और पीएचई के इंजीनियर द्वारा एक-दो दिन में काम पूरा करने का आश्वासन दिया गया। सोमवार तक भी दुरुस्ती काम पूरा नहीं किया गया और बच्चों से भरी बस के पहिए सिवरेज के गड्ढे में धंस गए। इससे बस एक ओर झुक गई। बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। बच्चों का शोरगुल होते ही बस चालक-हेल्पर सहित रहवासियों ने एकत्रित होकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और एक बड़ा हादसा होते होते टला। वहीं इसके बाद एक घंटे तक बस को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए मशक्कत होती रही। आखिर जेसीबी के माध्यम से बस को कीचड़ भरे मिट्टी के गड्ढे से बाहर निकाला गया।