
इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेस्टोरेंट के हिसाब-किताब में गबन के विवाद को लेकर 55 वर्षीय कर्मचारी श्रीराम राजपूत की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया, जहां रात में आवारा कुत्ते शव को नोचते हुए पाए गए।
एडिशन डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया के मुताबिक, पुलिस को बाणगंगा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। राहगीरों ने रेलवे ट्रैक के पास शव को देखा और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे।
शुरुआती जांच और रेस्टोरेंट कर्मियों से पूछताछ के दौरान घटना की मुख्य वजह सामने आई। श्रीराम राजपूत पिछले तीन वर्षों से संबंधित रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। शनिवार शाम रेस्टोरेंट के हिसाब-किताब को लेकर पैसों में कमी आने पर मालिक के बेटे राहुल और श्रीराम के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर राहुल ने श्रीराम का पीछा किया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एडिशन डीसीपी दंडोतिया के अनुसार, पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved