उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

शिप्रा ऊफनी, आज सुबह छोटा पुल डूबा

  • रातभर रूक रूक गिरा पानी, सुबह भी हुई बारिश…भारी बारिश की चेतावनी बरकरार
  • गंभीर डेम में हुआ 500 एमसीएफटी पानी…शाम तक और बढ़ेगा
  • आज सुबह हुई बारिश से सड़कों पर पानी जमा हुआ, घरों में भी घुसा
  • मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, अगले 24 घंटे होगी वर्षा
  • निगम कंट्रोल रूम पर जल भराव की कई शिकायतें

उज्जैन। कल शाम से ही बारिश का दौर जारी है। हालांकि बारिश रूक रूककर हो रही है लेकिन कल रात्रि में तेज बिजली की गडग़ड़ाहट के बीच तेज बारिश हुई। आज सुबह भी बारिश हुई और कई जगह पानी भरा गया था। इस बारिश से शिप्रा नदी में बाढ़ आ गई है एवं रामघाट के मंदिर डूब गए हैं तथा महाकाल विस्तारीकरण कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शिप्रा नदी का छोटा पुल आज सुबह डूब गया और करीब 4 फीट ऊपर पानी चल रहा था। मौसम विभाग ने 24 घंटे बारिश की चेतावनी दी है।

कल शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरु हो गया था। हालांकि यह बारिश रूक रूककर होती रही लेकिन कल शाम 5 बजे से लेकर आज सुबह 8 बजे तक वेधशाला में शहरी क्षेत्र में ही 1.88 इंच पानी बरस गया। इसे मिलाकर आज सुबह तक उज्जैन में बारिश का आंकड़ा 12.75 इंच तक पहुँच गया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार सावन के महीने में बारिश का यह आंकड़ा संतोषजनक है। बारिश शुरु होने के दो घंटे बाद से ही शहर के कई इलाकों में शाम को जल जमाव की स्थिति बनने लगी थी। आगर रोड, इंदौर रोड, देवास रोड और मक्सी रोड क्षेत्रों में निचले भागों में बसी कॉलोनियों में पानी भरने लगा था। नगर निगम के कंट्रोल रूम पर वार्ड 54 से सबसे पहले रात में जल जमाव की शिकायत पहुँची। यहाँ अभिलाषा कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया था। इसी तरह पुराने शहर के पटेल नगर, लोहे का पुल क्षेत्र, केडी गेट, सब्जी मंडी क्षेत्र आदि क्षेत्रों में भी सड़कों पर पानी जमा हो गया था। हालांकि यहाँ लोगों ने खुद ही घरों में घुसे पानी को निकालना शुरु कर दिया था। रूद्रसागर क्षेत्र में बारिश का पानी पहले से जमा था और बरसात के बाद कल शाम को रूद्रसागर भी ओव्हर फ्लो होने लगा था। इसके चलते यह पानी जयसिंहपुरा क्षेत्र और बेगमबाग कॉलोनी क्षेत्र में घुसने लगा था। इसके चलते इन क्षेत्रों में सड़क किनारे के कई घरों में पानी घुसने लगा था।


जल्द खुल सकते हैं गंभीर के गेट
डेम प्रभारी राजीव शुक्ला ने बताया कि कल सुबह 8 बजे की स्थिति में 389 एमसीएफटी पानी था जो आज सुबह बढ़कर 500 एमसीएफटी हो गया है। 24 घंटे में 111 एमसीएफटी पानी गंभीर डेम में बढ़ा है आवक अभी भी बनी हुई है और यशवंत सागर भी भरने की कगार पर है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक उज्जैन में भी गंभीर डेम के गेट खोलने की नौबत आ सकती है।

बेगमबाग कॉलोनी और पटेल नगर क्षेत्र में पानी भराया
बेगमबाग क्षेत्र में तंग बस्ती होने के कारण जल जमाव की स्थिति बन गई। रातभर रूक रूककर पानी बरसने के कारण यह स्थिति बनी। महाकाल क्षेत्र में निर्माण कार्य होने के कारण भी यहाँ रूद्रसागर फुल हो जाने के बाद आसपास के इलाकों में पानी फैल गया और कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। वार्ड 54 की कॉलोनियों में भी जल जमाव से लोग परेशान हुए। पटेल नगर में भी नीचे बने मकानों में कई जगह पानी घुस गया।

कल रात पेड़ भी गिरे…काटना पड़े
कल शाम से ही तेज हवाओं के साथ बारिश शुरु हो गई थी। रातभर बारिश होती रही और इस दौरान आगर रोड, इंदौर रोड, देवास रोड क्षेत्र में कई जगह तेज हवाओं के कारण पेड़ भी गिर गए थे। आगर रोड पर तो निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश के कारण यहाँ मार्ग की हालत और खराब हो गई है। कुछ स्थानों पर गिरे हुए पेड़ों ने भी सड़कों को जाम कर दिया था। हालांकि सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन टीम पहुँची भी और कुछ जगह से सुबह गिरे हुए पेड़ हटाए। नगर निगम कंट्रोल रूम पर दमदमा क्षेत्र में पंचायत भवन के सामने कल रात एक पेड़ गिर गया था। गैंग आज सुबह से उसे हटाने में लगी हुई है।

निगम कंट्रोल रूम पर आने लगी शिकायतें
कल शाम से आज सुबह 8 बजे तक वेधशाला में 1.88 इंच बारिश रिकार्ड हो गई है। शाम से ही निचली बस्तियों में जल जमाव होने लगा था। इसकी शिकायतें नगर निगम के कंट्रोल रूम पर पहुँचने लगी थी। वेधशाला में आज सुबह से बारिश का आंकड़ा बढ़कर 12.75 इंच तक पहुँच गया है। अभी भी बरसात हो रही है और कई इलाकों में जल जमाव जैसे नजारे हैं। निचले क्षेत्रों में बस्तियों में पानी भरा हुआ है। शिकायत के मुताबिक नगर निगम की गैंग कुछ इलाकों में जल जमाव की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी लेकर भी पहुँची। हालांकि हालात सामान्य है।

Share:

Next Post

महाराष्ट्र के सीएम शिंदे ने लगाई ठाकरे के फैसले पर रोक, नहीं बदलेगा औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम

Fri Jul 15 , 2022
मुंबई । महाराष्ट्र (Maharashtra) के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में (In the First Cabinet Meeting) उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) द्वारा लिए गए औरंगाबाद और उस्मानाबाद (Aurangabad and Osmanabad) का नाम बदलने के फैसले पर (On the Decision to Change the Name) रोक लगा दी है (Has Stayed) । […]