मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद अब शिवसेना (UVT) में संभावित टूट की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। इसी बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने स्थिति की समीक्षा के लिए सांसदों की आपात बैठक बुला ली है।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि उद्धव ठाकरे गुट के 9 में से 7 सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजनीतिक गलियारों में इसे कथित “ऑपरेशन टाइगर” के तौर पर देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ सांसदों को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर अहम प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा है। पश्चिम बंगाल में हालिया राजनीतिक बदलावों के बाद महाराष्ट्र में भी दलबदल की अटकलें तेज हो गई हैं।
इस बीच शिवसेना नेता और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने दावा किया है कि “ऑपरेशन टाइगर” अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इसका फैसला उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समय और रणनीति के अनुसार सामने आएगा।
प्रतापराव जाधव ने यह भी कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे के हालिया बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी के भीतर कुछ स्तर पर संपर्क और बातचीत चल रही है। दानवे ने कथित तौर पर कहा था कि कुछ लोग संपर्क में हैं और लोकसभा चुनाव के बाद से इस तरह की चर्चाएं जारी हैं।
इन अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे ने पार्टी सांसदों को तत्काल मुंबई पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, यह बैठक उनके आवास पर आयोजित होगी, जहां मौजूदा राजनीतिक स्थिति और संभावित रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
अब सभी की नजर इस बैठक पर टिकी है कि क्या यह केवल संगठनात्मक समीक्षा होगी या महाराष्ट्र की राजनीति में किसी बड़े घटनाक्रम की भूमिका तैयार हो रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved