
- अधिकारियों की टीम ने सवारी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कराया-कलेक्टर कल दिनभर सड़क कार्य को देखते रहे-आज भी महाकाल में भीड़
उज्जैन। श्रावण-भादौ मास में भगवान महाकाल की छह सवारियों को इस बार अलग-अलग थीम के साथ भव्य रूप दिया जाएगा। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने रविवार को त्रिवेणी संग्रहालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पहली सवारी आज 3 अगस्त को और अंतिम राजसी सवारी 7 सितंबर को निकलेगी।
कलेक्टर ने बताया कि श्रावण में चार और भादौ में दो सवारियां निकाली जाएंगी। आज पहली सवारी महाकाल मंदिर से पूजन-अर्चन के बाद महाकाल चौराहा, गुदरी, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। यहां 1100 वैदिक बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन होगा। इसके बाद सवारी तय मार्ग से होकर मंदिर लौटेगी। 7 सितंबर की राजसी सवारी में पारंपरिक मार्ग के साथ कंठाल, सतीगेट और सराफा क्षेत्र भी शामिल रहेंगे। कलेक्टर ने बताया कि हर सवारी की अलग थीम होगी। पहली सवारी वैदिक उद्बोधन, दूसरी लोक नृत्य, तीसरी पुलिस-आर्मी-होमगार्ड एवं बैंड प्रदर्शन, चौथी पर्यावरण संरक्षण, पांचवीं 84 महादेव की झांकी तथा अंतिम राजसी सवारी सिंहस्थ-2028 की झांकी पर आधारित होगी। शाही सवारी में पहली बार ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की जाएगी। सवारी में पुलिस, घुड़सवार दल, सलामी गार्ड, बैंड, भजन मंडलियां, जनजातीय एवं लोक कला दल, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित विभिन्न विभागों के वाहन शामिल रहेंगे। मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाले जनजातीय नृत्य दल सभी सवारियों का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इस दौरान एसपी प्रदीप शर्मा सहित प्रशासन और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। भगवान महाकाल की पहली सवारी से एक दिन पहले शनिवार देर रात कलेक्टर रोशन कुमार सिंह स्वयं सवारी मार्ग पर पहुंचे और तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सवारी निकलने से पहले मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। कलेक्टर ने सतीगेट से निरीक्षण शुरू कर छोटा सराफा, गोपाल मंदिर, टंकी चौराहा, ढाबा रोड, सत्यनारायण मंदिर, कार्तिक चौक, गणगौर दरवाजा होते हुए रामघाट तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण के बाद बची निर्माण सामग्री तत्काल हटाई जाए, सभी गड्ढे भरे जाएं और खुली नालियों को पूरी तरह ढंकने का कार्य सवारी से पहले पूरा किया जाए।कलेक्टर ने कहा कि सवारी के दौरान हजारों श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर मौजूद रहते हैं। ऐसे में सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सहित नगर निगम के इंजीनियर और तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने संबंधित विभागों को समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।