
- पं. विपिन शास्त्री मुंबई का आगमन कल, दस दिनों तक होंगे आयोजन
जबलपुर। श्री महावीर स्वामी मार्ग स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जिन मंदिर, धर्मायतन, गोलबाजार में दशलक्षण महापर्व का शुभारंभ 16 सितंबर से होगा। 25 सितंबर तक चलने वाले इस दस दिवसीय महापर्व में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला होगी। इस अवसर पर प्रसिद्ध विद्वान पं. विपिन शास्त्री, मुंबई का 15 सितंबर की दोपहर जबलपुर आगमन होगा। उनके विद्वत् सान्निध्य में प्रतिदिन धर्मसभा, शास्त्र स्वाध्याय सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
श्री वीतराग विज्ञान मंडल के अध्यक्ष अशोक जैन, संजय जैन, जैन युवा फेडरेशन के अध्यक्ष अभिषेक जैन एवं सचिव संदीप जैन ने बताया कि महापर्व के दौरान प्रतिदिन सुबह 7:15 से 10:30 बजे तक प्रक्षाल अभिषेक, नित्य नियम पूजन, शास्त्र स्वाध्याय एवं तत्त्वार्थसूत्र कक्षा आयोजित होगी। वहीं शाम 7:30 से रात 10:30 बजे तक पाठशाला, जिनेन्द्र भक्ति, प्रतिक्रमण पाठ, शास्त्र स्वाध्याय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महापर्व के अंतर्गत 17 सितंबर को श्री सुपार्श्वनाथ भगवान गर्भ कल्याणक तथा 19 सितंबर को श्री पुष्पदंत भगवान मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। 22 सितंबर को दोपहर 2 बजे से जबलपुर के जिन मंदिरों की सामूहिक वंदना होगी। 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्री वासुपूज्य भगवान मोक्ष कल्याणक का आयोजन होगा। इसके बाद 27 सितंबर को क्षमावाणी पर्व मनाया जाएगा। आयोजकों ने समाज के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से महापर्व के सभी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।