
जबलपुर। गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में सामने आई अनियमितताओं और गड़बडिय़ों के बाद नागरिक आपूर्ति विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई के तहत जबलपुर में पदस्थ जिला प्रभारी एवं प्रभारी फूड कंट्रोलर सीमा बोरसिया का तबादला कर उन्हें बैतूल भेज दिया गया है। इसके साथ ही जिले में पदस्थ तीन कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों (जेएसओ) का भी स्थानांतरण किया गया है।
तीन जेएसओ हुए इधर से उधर
स्थानांतरण आदेश के तहत तीन कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को भी जिले से बाहर भेजा गया है। सिद्धार्थ राय का तबादला सागर किया गया है। भावना तिवारी को भोपाल पदस्थ किया गया है। आभा शर्मा का स्थानांतरण नरसिंहपुर किया गया है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी उपार्जन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों की निगरानी की भी थी।
उपार्जन व्यवस्था पर उठे थे सवाल
जिले में गेहूं उपार्जन के दौरान कई स्तरों पर शिकायतें सामने आई थीं। किसानों को भुगतान, परिवहन, भंडारण और उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि विभाग ने कई मामलों में सुधारात्मक कदम उठाने का दावा किया था, लेकिन अब हुए तबादलों ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि आगामी खरीदी और वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved