
इंदौर। मुंबई (Mumbai) में रविवार को खराब मौसम, तेज बारिश और हवाओं के कारण दो विमानों (Flight) को इंदौर एयरपोर्ट (Indore Airport) पर डायवर्ट (Diverted) करना पड़ा। इनमें एयर इंडिया (Air India) की दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट और इंडिगो (Indigo) की कोच्चि से मुंबई जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं। दोनों विमान सुबह करीब 11 बजे इंदौर पहुंचे। अचानक हुए डायवर्जन से यात्रियों को अपने मुंबई पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।
विमानतल से मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2963 दिल्ली से मुंबई जा रही थी। मुंबई में मौसम खराब होने के कारण विमान को सुबह 11:10 बजे इंदौर डायवर्ट किया गया। इस विमान में 106 यात्री सवार थे। वहीं इंडिगो की फ्लाइट 6ई-662 कोच्चि से मुंबई जा रही थी। इसे भी खराब मौसम के चलते 11:08 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इस विमान में 137 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दोनों विमानों को मौसम सामान्य होने के बाद मुंबई के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को विमान में ही इंतजार करना पड़ा। मुंबई में लगातार खराब मौसम के चलते कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिसका असर अन्य शहरों की उड़ानों पर भी देखने को मिला।
क्यों करना पड़ता है विमान डायवर्ट –
जब किसी एयरपोर्ट पर तेज बारिश, कम दृश्यता, आंधी या रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की स्थिति नहीं होती, तब एयर ट्रैफिक कंट्रोल विमान को नजदीकी वैकल्पिक एयरपोर्ट पर उतारने का निर्देश देता है। मौसम सामान्य होने के बाद विमान अपने निर्धारित एयरपोर्ट के लिए रवाना किया जाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved