img-fluid

एफआईआर के बाद एनआरएलएम के दो कर्मी गायब, बर्खास्तगी के लिए मुहूर्त का इंतजार

June 18, 2026

  • 11.37 करोड़ के मझौली गेहूं घोटाले में कार्रवाई अधर में

जबलपुर। मझौली स्थित मां अन्नापूर्णा वेयर हाउस, पिपारिया में सामने आए 11.37 करोड़ रुपये के बहुचर्चित गेहूं घोटाले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बावजूद विभागीय कार्रवाई की रफ्तार सवालों के घेरे में है। मामले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़े कर्मचारी आनंद भारसाकले और प्रकाश पांडे के नाम भी आरोपियों में शामिल हैं, लेकिन एफआईआर दर्ज होने के लगभग एक माह बाद भी इनके खिलाफ सेवा समाप्ति अथवा अन्य विभागीय कार्रवाई नहीं की गई है।



  • जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारी एफआईआर दर्ज होने के बाद से अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित बताए जा रहे हैं। संविदा सेवा नियमों के तहत यदि कोई कर्मचारी लगातार एक माह तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहता है तो उसकी सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार कर जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर को भेजा जाता है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अब तक ऐसी कोई फाइल आगे नहीं बढ़ाई गई है।

    भौतिक सत्यापन में खुली करोड़ों की गड़बड़ी
    मामले का खुलासा उस समय हुआ जब प्रशासनिक टीम ने उपार्जन केन्द्र का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक भंडारण में बड़ा अंतर सामने आया। सत्यापन में 5167.70 क्विंटल गेहूं कम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 37 लाख 67 हजार 837 रुपये आंकी गई। जांच में यह भी सामने आया कि उपार्जन केन्द्र को मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन द्वारा कुल 92,250 बारदाने उपलब्ध कराए गए थे। जबकि खरीदी की वास्तविक मात्रा 48,347.07 क्विंटल के अनुसार उपयोग किए जाने वाले बारदानों की संख्या इससे काफी कम होनी चाहिए थी। आरोप है कि केन्द्र द्वारा फर्जी तरीके से 96,694 बारदानों के उपयोग की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की गई, जिससे पूरे खरीदी रिकॉर्ड पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

    नियमों को दरकिनार कर जोड़े गए कर्मचारी
    जांच में खरीदी प्रक्रिया के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। दस्तावेजों के अनुसार खरीदी कार्य में केवल अधिकृत कर्मचारियों को शामिल किया जाना था, लेकिन अमन पांडे और आकाश पांडे को कथित रूप से नियमों के विपरीत खरीदी कार्य में लगाया गया।आरोप है कि अमन पांडे तुलाई, सिलाई और तौल पर्ची काटने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। इसके बाद कम्प्यूटर ऑपरेटर मयूरी लोधी और शुभम बर्मन द्वारा संबंधित जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाती थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी प्रक्रिया के माध्यम से रिकॉर्ड में हेराफेरी की गई।

    11.37 करोड़ के घोटाले में दर्ज हुई एफआईआर
    प्रकरण की जांच के बाद पुलिस ने उपार्जन समिति भूमि ग्राम संगठन की अध्यक्ष एवं खरीदी केन्द्र प्रभारी रीना लोधी, शुभम बर्मन, मयूरी लोधी, प्रमोद कुमार मिश्रा, प्रकाश पांडे, आनंद भारसाकले, अमन पांडे, आकाश पांडे, अनिल पटेल और रिंकू साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच जारी है, लेकिन विभागीय स्तर पर कार्रवाई की धीमी गति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि जब आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हो चुका है और वे लंबे समय से अनुपस्थित हैं, तो उनकी सेवा समाप्ति की प्रक्रिया अब तक क्यों शुरू नहीं की गई।

    जवाब का इंतजार
    घोटाले की गंभीरता को देखते हुए अब निगाहें जिला प्रशासन और एनआरएलएम विभाग पर टिकी हैं। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के इस घोटाले में नामजद कर्मचारियों के खिलाफ विभाग कब कार्रवाई करेगा और क्या जिम्मेदार अधिकारियों से भी जवाबदेही तय की जाएगी। फिलहाल, एफआईआर के एक माह बाद भी कार्रवाई की फाइलें आगे नहीं बढऩे से पूरे मामले में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

    Share:

  • बरगी क्रूज हादसा: दिल्ली से आई चिट्ठी बड़े अफसर पर गिरेगी गाज

    Thu Jun 18 , 2026
    लापरवाही पर केंद्र का कड़ा रुख, मुख्य सचिव से मांगी रिपोर्ट ज़बलपुर। बरगी जलाशय में 30 अप्रैल 2026 को खराब मौसम और तेज लहरों के कारण 35 से 40 यात्रियों को ले जा रहा एक पर्यटक क्रूज पलट गया था। इस भीषण हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई थी, जिसने जल परिवहन […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved